50 बेड की क्षमता, 120 का इलाज, कोई फर्श पड़ा, कोई बेड पर कराह रहा

50 beds capacity, 120 treatment, some lying on the floor, some moaning on the bed
 50 बेड की क्षमता, 120 का इलाज, कोई फर्श पड़ा, कोई बेड पर कराह रहा
गड़चिरोली  50 बेड की क्षमता, 120 का इलाज, कोई फर्श पड़ा, कोई बेड पर कराह रहा

डिजिटल डेस्क, अहेरी (गड़चिरोली)।  लगातार बदल रहे मौसम के कारण इन दिनों अहेरी क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का संक्रमण बढ़ने लगा है, जिसके कारण यहां के उपजिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। 50 बेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में वर्तमान में 120 से अधिक मरीजों पर उपचार हो रहा है। बेड  कम होने से मरीजों का फर्श पर गद्दा बिछाकर उपचार करवाया जा रहा है, जिसके कारण मरीजों व उनके परिजनों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति गंभीर होने के बाद भी अब तक न तो अस्पताल प्रशासन ने बेड कमी को पूरी करने का प्रयास किया है और न ही किसी स्थानीय जनप्रतिनिधि ने समस्या का निवारण करने का प्रयास किया।   

अहेरी उपविभाग में मुलचेरा, एटापल्ली, भामरागढ़, सिरोंचा और अहेरी तहसील का समावेश है। अहेरी में उपजिला अस्पताल होकर शेष चार तहसीलों में सरकार ने ग्रामीण अस्पताल की व्यवस्था कर रखी है। पिछले दस दिनों से मौसम अचानक करवट ले रहा है। कभी बारिश तो कभी कड़ी धूप के कारण उपरोक्त सभी तहसीलों में मौसमी बीमारियों का संक्रमण बढ़ने लगा है। सर्दी, खांसी, बुखार, दस्त जैसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इस कारण मरीज उपचार करवाने सरकारी अस्पतालों की ओर बढ़ने लगे हैं। ग्रामीण अस्पताल में अतिगंभीर मरीज आने पर उसे सीधे अहेरी के उपजिला अस्पताल में रेफर कर दिया जाता है। उपजिला अस्पताल में सरकार ने नाममात्र 50 बेड की सुविधा उपलब्ध करवायी है।  लेकिन गुरुवार को इस अस्पताल में 120 से अधिक मरीज भर्ती करवाये गये थे। पहले भर्ती होने वाले मरीज को बेड उपलब्ध करवाया गया, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए फर्श पर गद्दा बिछाकर उनपर उपचार शुरू किया गया। उल्लेखनीय है कि, छोटे बच्चों पर भी फर्श पर  ही उपचार करवाने का चित्र गुरुवार को दिखायी दिया। इस अस्पताल में पहले से ही डाक्टरों व कर्मचारियों की संख्या कम है। ऐसे में मरीजों की संख्या बढ़ जाने से अस्पताल प्रशासन को भी दिक्कतें उठानी पड़ रहीं हंै। अस्पताल में बेड की संख्या को बढ़ाने की मांग उपविभाग के नागरिकों ने की है।  
 

Created On :   10 Sept 2022 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story