- Home
- /
- 50 करोड़ रुपए सीएम फंड में जमा...
50 करोड़ रुपए सीएम फंड में जमा कराएंगे शिर्डी के साईं, न्याय विभाग से मिली अनुमति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अहमदनगर स्थित श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट प्रदेश सरकार पर एक बार फिर से मेहरबान हुआ है। साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 50 करोड़ की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। सरकार के विधि व न्याय विभाग ने शिर्डी साईबाबा संस्थान ट्रस्ट को आर्थिक सहायता देने की अनुमति दे दी है।
गुरुवार को विधि व न्याय विभाग की तरफ से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। इसके अनुसार साईबाबा संस्थान ट्रस्ट (शिर्डी) संशोधन अधिनियम की धारा 17(2)(ण) में मनाव जाति के कल्याण अथवा आपदा में सहायता करने के लिए किसी भी महान कार्य को गति देने का प्रावधान है। इसके अनुसार साईबाबा संस्थान की प्रबंधन समिति ने 1 नवंबर की सभा और जांच समिति की बैठक में मुख्यमंत्री सहायता निधि में 50 करोड़ रुपए देने का निर्णय लिया गया था।
इसके बाद साईबाबा संस्थान ट्रस्ट की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रुबल अग्रवाल ने फैसले की मंजूरी के लिए सरकार को 5 नवंबर को पत्र लिखा था। अब सरकार ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में आर्थिक मदद करने की अनुमति दे दी है। मुख्यमंत्री सहायता निधि से राज्य और देश में आपदा प्रभावितों और आर्थिक रूप से कमजोर तबके के नागरिकों को गंभीर व लाइलाज बीमारियों के इलाज के लिए मदद की जाती है। इसके पहले साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने अहमदनगर के निलवंडे बांध के नहरों के काम के लिए 500 करोड़ रुपए बिना ब्याज के उपलब्ध कराने का फैसला किया था।
Created On :   6 Dec 2018 10:04 PM IST