- Home
- /
- 559 में से 554 मतदाताओं ने किया...
559 में से 554 मतदाताओं ने किया मतदान

डिजिटल डेस्क, नागपुर । विधान परिषद की नागपुर स्थानीय निकाय संस्था सीट के लिए मतदान हुआ। 559 में से 554 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 98.93 रहा। चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार सहित 3 प्रत्याशी थे, लेकिन मतदान के एक दिन पहले कांग्रेस ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन दिया। लिहाजा मुख्य मुकाबला भाजपा के चंद्रशेखर बावनकुले व कांग्रेस समर्थित मंगेश देशमुख के बीच हुआ। 14 दिसंबर को मतगणना होगी। इस चुनाव में बसपा ने मतदान नहीं करने का निर्णय लिया था, लेकिन मतदान शुरू होते ही बसपा के 6 नगरसेवक मतदान करने पहुंच गए। जिले में 5 नगरसेवकों ने मतदान नहीं किया। इनमें बसपा के 4 नगरसेवकों के अलावा एमआईएम का एक नगरसेवक शामिल होने की जानकारी है।
फडणवीस की प्रतिष्ठा दांव पर
गौरतलब है कि राज्य में विप की 6 सीटों के लिए चुनाव घोषित हुए। उनमें से 4 सीटों के लिए निर्विरोध चुनाव हुआ। नागपुर सहित दो सीटों के लिए मतदान हुआ। भाजपा उम्मीदवार बावनकुले भाजपा के नेतृत्व की सरकार में ऊर्जा मंत्री रहे हैं। उनकी उम्मीदवारी को लेकर भाजपा के साथ ही केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी व पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। कांग्रेस में उम्मीदवार को लेकर आरंभ से ही नाटकीय घटनाक्रम चला। कांग्रेस ने भाजपा के नगरसेवक व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता डॉ. रवींद्र भोयर को एक दिन पहले पार्टी में प्रवेश दिलाकर उम्मीदवार घोषित किया था।
एक दिन पहले उम्मीदवारी खारिज
चुनाव नियोजन को लेकर कांग्रेस ने अधिक रुचि नहीं दिखाई। खबरें आती रहीं कि भोयर के नाम पर कांग्रेस में सहमति नहीं बन पा रही है। ऐसे में मतदान के एक दिन पहले गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने भोयर की उम्मीदवारी खारिज कर निर्दलीय उम्मीदवार देशमुख को समर्थन दिया। इस चुनाव में मनपा, जिला परिषद, नगर परिषद के सदस्यों के अलावा पंचायत समिति सभापतियों ने मतदान किया। भाजपा के नगरसेवक पर्यटन से 12 दिन की यात्रा के बाद आए और मतदान करके ही अपने घर लौटे। इस चुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले व पशु संवर्धन मंत्री सुनील केदार का प्रभाव भी आंका जाएगा
प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त
चुनाव को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था काफी चुस्त रही। जिलाधिकारी आर. विमला, निवासी उपजिलाधिकारी सुजाता गंधे, उप जिला चुनाव अधिकारी मीनल कलसकर, उपजिलाधिकारी जगदीश काटकर, तहसीलदार राहुल सारंग, सूर्यकांत पाटील ने चुनाव प्रक्रिया में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
Created On :   11 Dec 2021 3:24 PM IST