- Home
- /
- वसती गृह के लिए नागपुर एनआईटी को 58...
वसती गृह के लिए नागपुर एनआईटी को 58 करोड़ 45 लाख मंजूर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागपुर जिले के संत चोखामल वसती गृह की नई इमारत के लिए मंजूर की गई 58 करोड़ 42 लाख 45 हजार 999 रूपए नागपुर सुधार प्रन्यास (एनआईटी) को दे दिए गए हैं। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में सामाजिक न्यायमंत्री राजकुमार बडोले ने यह जानकारी दी। भाजपा के सुधाकर देशमुख ने वसती गृह की नई इमारत के निर्माण में हो रही देरी से जुड़ा सवाल पूछा था। जवाब में मंत्री बडोले ने बताया कि दो फरवरी 2018 को नागपुर सुधार प्रन्यास को वसतीगृह निर्माण का जिम्मा सौंप दिया गया है।
औरंगाबाद सहकारी बैंक मामले में कानूनी प्रक्रिया का हुआ पालन
औरंगाबाद जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के खाते से हटाए गए आठ करोड़ 52 लाख रुपए के कर्ज मामले में जांच अधिकारी ने जो रिपोर्ट दी है उससे साफ है कि कानूनी प्रक्रिया के पालन के बाद ही कर्ज बही खातों से हटाए गए हैं। इसलिए मामले में किसी के खिलाफ कार्रवाई का सवाल ही नहीं उठता। विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में सहकारिता मंत्री सुभाष देशमुख ने यह जानकारी दी। भाजपा के अतुल सावे द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री देशमुख ने बताया कि 52 सहकारिता संस्थाओं के कर्ज खाते से हटाए गए हैं। औरंगाबाद के विभागीय रजिस्ट्रार छ्त्रीकर डी टी के जरिए जांच के बाद साफ हुआ है कि इसमें कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया है।
बिजली बिल न भरने से परभणी के 8 स्कूलों का कटा कनेक्शन
परभणी जिले के 128 जिला परिषद स्कूलों में से आठ की बिजली बिल बकाया होने के चलते काट दी गई है।विधानसभा में पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने यह जानकारी दी। राकांपा के विजय भांबले ने जिप स्कूलों की बिजली काटे जाने से जुड़ा सवाल पूछा था। जवाब में मंत्री बावनकुले ने बताया कि जिन स्कूलों की बिजली काटी गई है उनका दो लाख 73 हजार रुपए का बिल बकाया है। बिल भरने के बाद स्कूलों की बिजली जोड़ दी जाएगी।
Created On :   16 March 2018 12:09 AM IST