- Home
- /
- अलग-अलग घटनाओं में 6 लोगों की मौत,...
अलग-अलग घटनाओं में 6 लोगों की मौत, तफ्तीश में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। चौबीस घंटे के भीतर छात्रा सहित तीन लोगों ने मौत को गले लगा लिया। कारण अज्ञात है। वाठोड़ा, कपिल नगर और गिट्टीखदान थाने में आकस्मिक मृत्यु के प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
किशोरी ने चुन्नी बांधकर लगाई फांसी
शिव नगर हाउसिंग सोसायटी स्थित राऊत नगर निवासी श्रद्धा राजेश्वर बगवे (17) कक्षा 12वीं मंे थी। रविवार को दोपहर में श्रद्धा घर में अकेली थी। माता-पिता रिश्तेदार के यहां गए थे। इस दौरान श्रद्धा ने सीलिंग फैन को चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली। उसकी मौत हो गई। दरवाजा खुला था। किसी काम के चलते पड़ोसी श्रद्धा के घर गया, तब नजारा देखकर उसने श्रद्धा के पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। श्रद्धा को मेडिकल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नौकरी छूटने से परेशान एमआर ने की खुदकुशी
कपिल नगर स्थित किशनकुमार बालकिशन डोंगरे (32) एमआर था। उसकी पत्नी मध्य प्रदेश के बालाघाट में रहती है। वह किसी विभाग में कार्यरत है। किशनकुमार गुलमोहर अपार्टमंेट के फ्लैट में अकेला रहता था। मित्रों से पता चला है कि, किशनकुमार को एक महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, जिससे वह तनाव में था। शनिवार-रविवार की दरमियानी किशनकुमार ने रात में सीलिंग फैन को दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।
पेट दर्द से तंग वृद्ध ने की आत्महत्या
भिवसनखोरी स्थित भीमसेना नगर निवासी अरुण बंसोड़ (60) की भी शनिवार को फांसी लगाने ही मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि, वह पेट में दर्द से परेशान था। जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाने का संदेह है।
प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जांच जारी है।
मां की साड़ी से फंदा लगाकर बेटे ने की आत्महत्या
लकडगंज क्षेत्र में एक युवक ने घर में मां की साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक अमोल उर्फ अल्पेश अशोक शंभरकर (28) है। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। अमोल घर में अकेला कमाने वाला था। वह किसी कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार नया बगड़गंज, बौद्ध विहार निवासी अमोल ने गत 24 जुलाई को मां-बहन के साथ भोजन किया। उसके बाद उसने घर में न जाने कब मां की साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से सुसाइड बरामद किया है। उसमें मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराने की बात लिखी है। फंदे पर लटका देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लकड़गंज थाने के उप-निरीक्षक वैभव बारंगे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
गांधीसागर तालाब में मिला अधेड़ का शव
गणेशपेठ स्थित गांधीसागर तालाब में एक अधेड़ का शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को गांधीसागर तालाब में एक 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव देखा गया। सूचना मिलने पर गणेशपेठ थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक बोपड़े सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पश्चात शव तालाब से निकाला गया और पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रही है।
सड़क हादसे में जख्मी दोपहिया चालक की मौत
सड़क हादसे में जख्मी दोपहिया वाहन चालक प्रफुल ढाकणे की मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार श्रावण नगर निवासी प्रफुल प्रभु ढाकणे (32) 5 जुलाई को दोपहिया वाहन (एम.एच.-31-सी.सी-597) पर जाते समय वाठोडा रिंग रोड के पास आर.बी. बार के समीप सड़क हादसे में गंभीर रुप से जख्मी हो गया था। उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान 25 जुलाई को उसकी मौत हो गई। नंदनवन थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
00000
Created On :   26 July 2021 12:50 PM IST