- Home
- /
- चंद्रपुर में 7 वर्षीय बालक की...
चंद्रपुर में 7 वर्षीय बालक की मृत्यु, दंपति घायल

डिजिटल डेस्क,चिमूर(चंद्रपुर)। शेगांव-चिमूर हाईवे के वाहनगांव के पास लघुशंका के लिए सड़क किनारे रोकी दोपहिया को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दंपति के साथ 7 वर्षीय बालक को गंभीर चोटें लगी। जहां उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई। मृत बालक का नाम अर्पण दिवाकर रामटेके है, जबकि उसकी मां पुयारदंड निवासी आशा दिवाकर रामटेके (32) व पिता दिवाकर मनोहर रामटेके (35) घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल को दिवाकर रामटेके अपने परिवार पत्नी आशा, बड़ा बेटा सुमित, छोटा बेटा अर्पण के साथ आब वड़गांव में बहन के यहां गए थे। ऐसे में भद्रावती में नाग मंदिर में दर्शन लेने के लिए गए थे। 14 अप्रैल को फिर से आब वड़गांव में रिश्तेदार को मिलने गए। 15 अप्रैल को शाम 4 बजे अपनी मोपेड दोपहिया से गांव पुयारदंड आने के लिए निकले थे। आते समय वाहणगांव बोथली के पास लघुशंका के लिए रोड के किनारे दोपहिया रोकी। दोपहिया क्र. एम.एच.34 क्यू 6797 पर बेटा अर्पण व पिता दिवाकर बैठे थे। इसी मार्ग से तेज रफ्तार आनेवाली अनियंत्रित इंडिका कार क्रमांक एम एच 12 के.एन 2513 ने रामटेके की खड़ी दाेपहिया को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोपहिया सवार सड़क किनारे 20 से 25 फीट पर जा गिरे। पानी की पाइप-लाइन पर अर्पण व दिवाकर रामटेके सिर के बल पर गिरे। गंभीर चोट लगने से वे मौके पर ही बेहोश हो गए। इसकी जानकारी वहानगांव के मनसे के कार्यकर्ता को मिलते ही वे घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने निजी वाहन से तीनों को चिमूर के उपजिला अस्पताल में पहुंचाया। वहां उन पर प्राथमिक उपचार शुरू किया गया परंतु अर्पण की स्थिति अति गंभीर होने के चलते उसे डाक्टरों ने नागपुर में रेफर करने के लिए कहा। अर्पण व दिवाकर को नागपुर के मेडिकल में भर्ती करवाया गया। अर्पण की शनिवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पिता दिवाकर की हालत गंभीर है। टक्कर मारनेवाली कार को खड़संगी समीप कोरा रोड से कब्जे में लेकर चिमूर थाने में जमा किया गया। घटनास्थल शेंगाव पुलिस थाना अंतर्गत आता है। इसमें वाहन चालक फरार है। मामले की जांच शेगांव पुलिस कर रही है।
Created On :   17 April 2022 5:15 PM IST