- Home
- /
- यूनियन बैंक राजापेठ शाखा के 9...
यूनियन बैंक राजापेठ शाखा के 9 कर्मचारी और अधिकारी निलंबित

डिजिटल डेस्क, अमरावती। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की राजापेठ शाखा के 9 कर्मचारियों को आखिरकार निलंबित कर दिया गया। मामले में यूनियन बैंक के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। कार्रवाई से कर्मचारी-अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। यूनियन बैंक ने कार्रवाई की सूचना अार्थिक अपराध शाखा को देने की जानकारी भी मिली है। इसमें करीब 6 कर्मचारी अब भी विभिन्न शाखाअों में पदस्थ हैं जबकि 3 बाहर की शाखाओं में बताए जा रहे हैं। विशेष बात यह है कि बैंक के अधिकारी नाम छुपाने में लगे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि आकोली रोड निवासी उज्ज्वल मलसने ने 7 अगस्त 2022 को राजापेठ थाने में शिकायत की थी कि यूनियन बैंक में गिरवी रखे उनके 100 ग्राम सोने के गहनों की अनुमानित कीमत 5.50 लाख रुपए है। उसने गहनों पर 3.30 लाख रुपए का कर्ज लिया था। बैंक में रखे गहने नकली रख दिए हैं। मामले का सबसे पहले खुलासा दैनिक भास्कर ने शुक्रवार 12 अगस्त के अंक में यूनियन बैंक राजापेठ में 3 करोड़ रुपए के सोने के बदलने का खुलासा किया था। जिस पर पुलिस ने यूनियन बैंक को नोटिस और 13 अगस्त को यूनियन बैंक के कर्मचारी-अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। बैंक प्रबंधन ने अपने स्तर पर ऑडिट भी किया। इसमें 89 में से 59 ग्राहकों के गिरवी रखे सोने के आभूषणों को बदलकर नकली रखने की बात बैंक ने खुद स्वीकार की। बैंक से चोरी गए 5.800 किलोग्राम सोने की कीमत करीब 3 करोड़ आंकी गई। दैनिक भास्कर ने पहले ही बता दिया था कि करोड़ों का मामला होने से इसे आर्थिक अपराध शाखा को सौंपना पड़ेगा और वैसा ही हुआ।
मामला आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दिया।
Created On :   10 Sept 2022 6:04 PM IST