- Home
- /
- अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ों की...
अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ों की मदद के लिए बनेगी समिति

डिजिटल डेस्क , मुंबई। प्रदेश की शिंदे-फडणवीस सरकार अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ो की मदद करने के लिए एक समिति का गठन करेगी। सरकार की तरफ से इस समिति की घोषणा अगले 10 दिनों में कर दी जाएगी। इस समिति के माध्यम से उन विवाहित लड़कियों की मदद की जाएगी जिन्हें अंतरजातीय विवाह करने के चलते अपने घर वालों की उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के महिला व बाल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने शनिवार को यह जानकारी दी।
लोढ़ा ने कहा कि मैंने महिला व बाल विकास विभाग को दस सदस्यीय एक समिति बनाने के लिए निर्देश दिए हैं। अगले 10 दिनों में इस समिति की घोषणा हो जाएगी। यह समिति ऐसे लड़के-लड़कियां जिन्हें अंतरजातीय विवाह के कारण उनके मूल परिवार से सहयोग नहीं मिल पाता है समति उनके परिवार से समन्वय स्थापित करवाएगी। साथ ही सरकार जरूरत पढ़ने पर जोड़ों की मदद भी करेगी। लोढ़ा ने कहा कि अंतरजातीय विवाह करने के चलते भले ही लड़की को अपने परिवार से अलग होना पड़ा हो। लेकिन हमारी कोई बच्ची बेचारी नहीं है। सरकार ऐसे बच्चियों की रक्षा करेगी। राज्य में श्रद्धा वालकर जैसी घटना दोबारा नहीं होने दी जाएगी। लोढ़ा ने कहा कि राज्य में विवाहित लड़कियों के गायब होने की घटनाओं में भी उचित कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले बीते नवंबर महीने में लोढ़ा ने राज्य से 500 विवाहित लड़कियों के गायब होने का दावा किया था।
Created On :   10 Dec 2022 7:22 PM IST