- Home
- /
- भाजपा के दर्जन भर पूर्व विधायक मेरे...
भाजपा के दर्जन भर पूर्व विधायक मेरे सम्पर्क में - खडसे

डिजिटल डेस्क,नागपुर। भाजपा छोड़ राकांपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील पर पलटवार किया है। खडसे ने कहा कि चंद्रकांत पाटील चॉकलेट से कुल्फी तक सीमित हैं। मंत्री बनने के पहले महाराष्ट्र में उन्हें कोई नहीं जानता था। मैंने कभी पाटील को कोई आंदोलन करते जेल जाते नहीं देखा। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटील ने कहा था कि देखना होगा की राकांपा खडसे को कौन सी गोली देती है। शनिवार को खडसे ने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के एक दर्जन पूर्व विधायक मेरे सम्पर्क में हैं जो जल्द ही राकांपा में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि खानदेश में भाजपा के नाम पर नहीं बल्कि मेरे नाम पर वोट मिलते थे। 70 से 80 फीसदी वोट मेरी वजह से मिलते थे। खडसे ने कहा मैंने अपने सभी समर्थकों से चर्चा कर राकांपा में शामिल होने का फैसला लिया है। मेरे वे समर्थक अब राकांपा में आएंगे। खडसे ने साफ किया कि कोई विधायक व सांसद मेरे सम्पर्क में नहीं है क्योंकि वे तकनीकी कारणो से पार्टी छोड़ नहीं सकते। पर उनकी सहानुभूति मेरे साथ है। शनिवार को खडसे सड़क मार्ग से मुंबई से जलगांव के लिए रवाना हुए तो रास्ते में जगह-जगह राकांपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
Created On :   24 Oct 2020 5:51 PM IST