दैनिक भास्कर हिंदी: युवा किसान ने जहर पीकर की आत्महत्या

May 5th, 2019

डिजिटल डेस्क, सिरोंचा(गड़चिरोली)। लगातार फसल बर्बादी और कर्ज के बोझ से तंग आकर तहसील के रेगुंठा निवासी एक युवा किसान ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। मृतक किसान का नाम महेश सत्यम राघम (32 ) है। गुरूवार को उसने जहर पी लिया था। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।    

 प्राप्त  जानकारी के अनुसार, रेगुंठा परिसर में धान के साथ कपास की फसल बड़े पैमाने पर उगाई जाती है। युवा किसान महेश ने भी इस वर्ष कपास की फसलों पर जोर दिया था। इसके लिए उसने निजी लोगों से कर्ज ले रखा था। लेकिन पानी की कमी के चलते उसकी सारी फसल बर्बाद हो गयी। गत वर्ष भी बारिश के अभाव में महेश की धान फसल पूरी तरह बर्बाद हुई थी। लगातार हो रहीं फसल की बर्बादी और कर्ज के बोझ से तंग आकर अंतत: महेश ने गुरूवार को जहर पी  लिया। इसकी सूचना परिजनों को मिलते ही उन्होंने तत्काल महेश को उपचार हेतु सिरोंचा के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महेश की हालत गंभीर होने के कारण  गड़चिरोली के जिला अस्पताल रेफर किया। गड़चिरोली के सरकारी अस्पताल में  उपचार के दौरान  महेश ने दम तोड़ दिया। रेगुंठा पुलिस ने इस मामले में मर्ग दाखिल कर अधिक जांच आरंभ कर दी है। घटना से गांव में शोकपूर्ण वातावरण निर्माण हो गया है। ग्रामीणों ने महेश के परिजनों को सरकारी की तरफ से सहायता देने की मांग की है।