- Home
- /
- भतीजी से छेड़छाड़ पर आग बबूला चाचा...
भतीजी से छेड़छाड़ पर आग बबूला चाचा ने ही युवक की हत्या कर शव नदी में फेंका था, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, कटनी। अपने परिचित के घर में घुसकर घर की एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने की कीमत एक युवक को अपनी जान गवांकर चुकाना पड़ी। भतीजी से छेड़छाड़ से आग बबूला हुए चाचा और उसके साथी ने अपने इस तथाकथित दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। बैलट घाट निवासी अजय कोरी पिता साधुराम कोरी उम्र 23 वर्ष का शव सोमवार को नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला था। आज मंगलवार को पुलिस ने प्रेस वार्ता में इस हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक युवक अजय ने 29 सितम्बर की रात करीब 12 बजे अपने मोहल्ले में ही देवेन्द्र सोलंकी के घर में घुसकर एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी।
मृतक जब अपनी काली करतूत को अंजाम दे रहा था उसी समय किशोरी का चाचा देवेन्द्र सोलंकी पहुंच गया। यहां पर भतीजी ने अपने चाचा देवेन्द्र को इसकी शिकायत कर दी। छेड़छाड़ को लेकर कहा सुनी चल ही रही थी कि उसी वक्त बगल में रहने वाला किराएदार विनोद बर्मन भी आ गया। इसी बात को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ। आगबबूला देवेन्द्र और विनोद बर्मन ने अजय को पकड़ा और उसे घर से बाहर ले गए। पहले हैंडपम्प के समीप अजय पर ईंट से जानलेवा हमला किया गया इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों आरोपी ने योजना बनाई और नदी किनारे एकांत जगह में शव फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक और आरोपियों के बीच पहले से ही जान-पहचान थी। दोनों आरोपी देवेन्द्र सोलंकी पिता अमर सिंह और विनोद पिता मुन्ना लाल बर्मन के विरुद्ध धारा 302,201, एससी, एसटीएक्ट के तहत मामला कायम करते हुए गिरफ्तार किया गया। साक्ष्य में पुलिस ने ईंट के टुकड़े और शर्ट बरामद किए हैं।
आपस में रही पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपियों के बीच दोस्ती रही जिसके चलते एक-दूसरे के साथ मिलना-जुलना बना रहता था। मृतक युवक स्टेशन में वेण्डर का काम करता था। घटना के दिन वह रात को नौ बजे अपने घर से यह कहकर निकला कि वह बाहर घूमने जा रहा है। लेकिन रात में वह नहीं आया। दूसरे दिन भी अजय का पता नहीं चला। तीसरे दिन युवक की लाश नदी किनारे मिली।
Created On :   2 Oct 2018 7:12 PM IST