- Home
- /
- ड्यूटी पर जा रहे पुलिस सिपाही को...
ड्यूटी पर जा रहे पुलिस सिपाही को कार ने कुचला, मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाड़ी क्षेत्र में डस्टर कार ने 28 जून की रात दोपहिया पर ड्यूटी जा रहे पुलिस सिपाही को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सिपाही पुलिस मुख्यालय में तैनात था। सिपाही का नाम राजेंद्र चौरे, इसापुर, काटोल निवासी है। रविवार 4 जुलाई को चौरे ने लकड़गंज स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौरे नवनीत नगर, वाड़ी स्थित भरत अपार्टमेंट में किराए से रहता था। पुलिस के अनुसार राजेंद्र चौरे वर्ष 2009 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। रात करीब 10 बजे वह दोपहिया वाहन से ड्यूटी पर जा रहा था। सड़क हादसे में चौरे को गंभीर चोटें आई थीं। वाड़ी पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। सूचना मिलने पर लकड़गंज पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आगे की जांच वाड़ी पुलिस करेगी।
प्रेम संबंधों में मिले धोखे से आहत युवती ने लगा ली फांसी
डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रेम संबंधों में मिले धोखे से आहत युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बरामद सुसाइड नोट के आधार पर शांति नगर थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रेमी ने किसी और से शादी कर ली : मुदलियार ले-आउट स्थित तुलसी नगर निवासी पूजा बोंबले (30), एमपीएससी की तैयारी कर रही थी। रविवार की सुबह परिजनों के साथ नास्ता करने के बाद वह अपने कमरे में पढ़ाई करने के लिए चली गई। सुबह करीब 11 बजे बड़ी बहन ने उसे आवाज दी। प्रतिसाद नहीं मिलने पर उसने खिड़की से झांक कर देखा, तो पूजा ने सीलिंग फैन को रस्सी बांधकर फांसी लगा ली थी। घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट से पता चला कि, पूजा के 13 वर्ष से किसी युवक से प्रेम संबंध थे। उससे शादी करने वाली थी, लेकिन प्रेमी ने उसे धोखा देकर किसी और लड़की से शादी कर ली। इससे पूजा काफी आहत हो गई थी। जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पूजा चार बहनें और एक भाई में सबसे छोटी थी।
बाइक फिसलने से बिजली कर्मचारी की मौत
सड़क हादसे में घायल हुए बिजली कर्मचारी ने रविवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कोराड़ी थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज िकया। कोराडी रोड पांझरा स्थित रामनाथ सिटी निवासी मनोज मगरे (40) बिजली विभाग में कार्यरत था। 2 जुलाई की शाम को वह ड्यूटी से घर जा रहा था। इस दौरान घर के पास संतुलन बिगड़ने से मनोज बाइक से गिर पड़ा। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसे मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को दोपहर 12 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सहायक निरीक्षक पाटील ने प्रकरण दर्ज िकया है।
Created On :   5 July 2021 1:10 PM IST