- Home
- /
- मछली पकड़ने गए आदिवासी युवक को गरम...
मछली पकड़ने गए आदिवासी युवक को गरम सलाख से दागा

डिजिटल डेस्क, अमरावती। अमरावती जिले में वन विभाग के कर्मचारियों पर अमानवीय घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि वन कर्मचारियों ने मछलियां पकड़ने पहुंचे आदिवासी युवक को गर्म सलाख से दाग दिया। जानकारी के मुताबिक, अमरावती की धारणी तहसील के धुलघाट रेलवे निवासी अंकुश गोरेलाल मावस्कर, पप्पू चव्हाण और आनंद रामेश्वर कास्देकर बुधवार को तेल्हारा तहसील के हनुमान वारी गांव के पास तालाब में मछली पकड़ने गए थे। पप्पू और आनंद तालाब किनारे बैठे जबकि अंकुश ने पानी में उतरकर जाल बिछाया। मछली पकाने के लिए वहीं चूल्हा बनाया गया। इसी दौरान वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने आनंद और पप्पू को पकड़कर अंकुश को आवाज देने के लिए कहा। अंकुश तालाब से बाहर निकला तो आनंद और पप्पू वहां नहीं दिखे। वन विभाग के कर्मचारियों ने अंकुश को घेर लिया और पूछा कि वह इलाके में कैसे आया? अंकुश का आरोप है कि वन कर्मचारियों ने गर्म सलाख से उसके पैर, हाथ, जांघ और पेट पर दाग कर चटके दिए। बुरी तरह घायल होने के बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद वे लोग उसे छोड़कर चले गए। जख्मी अंकुश को रात करीब 12 बजे होश आया। वह जैसे-तैसे घर पहुंचा और रातभर बिना उपचार के तड़पता रहा। सुबह होने पर समाजसेवी वहीद खान पठान ने अंकुश को धारणी के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद धारणी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर अंकुश का बयान दर्ज किया। पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र बेलखेडे के मुताबिक, घटनास्थल हिवरखेड़ थाना क्षेत्र में होने की वजह से धारणी पुलिस मामले को स्थानीय पुलिस को ट्रांसफर करेगी। उधर, वन कर्मचारियों की इस अमानवीयता को लेकर स्थानीय आदिवासी समुदाय में आक्रोश है। उन्होंने कहा है कि जिलाधीश से मुलाकात कर वन कर्मचारियों की शिकायत की जाएगी।
रात 12 बजे आया होश
वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा हैवानियत की हद पार करने के बाद वहां से निकल गए। करीब 4 घंटे के बाद घायल अंकुश को बुधवार की रात 12 बजे होश आया, वह जैसे-तैसे जख्मी अवस्था में जंगल के रास्ते से घर पहुंचा और रात भर बिना उपचार के घर में ही तड़पता रहा और सुबह होते ही मामला प्रकाश में आ गया। गांव के समाजसेवी वहीद खान पठान ने अंकुश को धारणी के उपजिला अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल किया है। इसके बाद वन विभाग का काला कारनामा सामने आया।
Created On :   26 Aug 2022 2:20 PM IST