- Home
- /
- शिवसेना के दोनों गुटों में शिवाजी...
शिवसेना के दोनों गुटों में शिवाजी पार्क मैदान को लेकर रस्साकशी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आगामी दशहरा के मौके पर दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान में रैली आयोजित करने को लेकर शिवसेना के उद्धव ठाकरे और शिंदे गुट के बीच रस्साकशी जारी है। शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट को मुंबई मनपा ने शिवाजी पार्क में दशहरा रैली आयोजित करने के लिए अब तक अनुमति नहीं दी है। इसके चलते उद्धव ठाकरे गुट ने अदालत में जाने की तैयारी शुरू कर दी है। दूसरी ओर शिंदे गुट को मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडी) ने बांद्रा- कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के मैदान में रैली आयोजित करने के लिए अनुमति दे दी है। लेकिन शिंदे गुट शिवाजी पार्क मैदान में ही दशहरा रैली आयोजित करना चाहता है। इसके चलते दोनों गुटों में शिवाजी पार्क में रैली आयोजित करने को लेकर खींचतान बनी हुई है। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दशहरा रैली विवाद पर चुप्पी साधे हुए हैं।
सोमवार को उन्होंने केवल इतना कहा कि दशहरा रैली को अभी समय है। जबकि उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि शिवसेना ने सबसे पहले मुंबई मनपा को रैली के आयोजन की अनुमति के लिए पत्र दिया है। इसलिए हमें विश्वास है कि मुंबई मनपा शिवसेना को रैली आयोजित करने की अनुमति देगी। अगर मुंबई मनपा से अनुमति नहीं मिलती है तो शिवसेना अदालत में जाएगी। सावंत ने कहा कि शिवाजी पार्क में रैली के आयोजन का अधिकार शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे को है। लेकिन जानबुझकर शिवसेना को मंजूरी देने के लिए अड़चन पैदा की जा रही है। शिवसेना के अधिकार को छीनने की कोशिश हो रही है। इसे राज्य की जनता देख रही है। सावंत ने कहा कि शिंदे गुट को एमएमआरडीए ने बीकेसी मैदान में दशहरा रैली आयोजित करने के लिए अनुमति दे दी है। फिर शिंदे गुट विवाद पैदा करने पर क्यों तुला हुआ है? शिंदे गुट को समझदारी दिखाते हुए बीकेसी मैदान पर रैली का आयोजन करना चाहिए और हमें शिवाजी पार्क में रैली आयोजित करने का मौका देना चाहिए। वहीं शिवसेना के पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे ने कहा कि उद्धव ठाकरे की पारंपरिक दशहरा रैली शिवाजी पार्क मैदान में ही होगी। यदि शिवाजी पार्क मैदान को सील किया गया तो हम लोग सील तोड़ देंगे। किसी भी हालत में शिवाजी पार्क में शिवसेना की रैली होगी।
शिंदे गुट को चाहिए शिवाजी पार्क मैदान – पावसकर
शिवसेना के शिंदे गुट के प्रवक्ता किरण पावसकर ने कहा कि हमें रैली आयोजित करने के लिए बीकेसी का मैदान मिला है। लेकिन अब भी हम चाहते हैं कि शिंदे गुट को शिवाजी पार्क मैदान में रैली के लिए अनुमति मिले। हम लोग बीकेसी का मैदान का इस्तेमाल रैली के लिए आने वालों के वाहनों खड़ा करने के लिए करेंगे। पावसकर ने कहा कि शिंदे गुट रैली की अनुमति के बारे में मुंबई मनपा का अंतिम फैसला स्वीकार होगा। पावसकर ने कहा कि शिवाजी पार्क के मैदान को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई मनपा प्रशासन पर कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं। यदि मुख्यमंत्री हस्तक्षेप करते तो शिंदे गुट को शिवाजी पार्क मैदान पर रैली आयोजित करने की अनुमति पहले ही मिल गई होती।
Created On :   19 Sept 2022 7:19 PM IST