- Home
- /
- मुंबई महानगर पालिका के रिटायर्ड...
मुंबई महानगर पालिका के रिटायर्ड इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई महानगर पालिका के 64 वर्षीय सेवानिवृत्त इंजीनियर और उसकी 60 वर्षीय पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने दंपति की संपति की जांच की और पाया कि संपत्ति आय के ज्ञात स्त्रोतों से ज्यादा है। इसके बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई।
आरोपी केशव उतेकर और उनकी पत्नी सुनीता उतेकर के खिलाफ भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति जमा करने की शिकायत मिली थी। इसके आधार पर एसीबी ने दोनों की संपत्तियों की जांच की तो 1976 से जून 2011 के बीच यह आय के ज्ञात स्त्रोत से 41 फीसदी ज्यादा निकली। दोनों के पास छानबीन के दौरान करीब 39 लाख रुपए की अतिरिक्त संपत्ति की जानकारी मिली। जांच में यह भी साफ हुआ कि सुनीता ने भी पति द्वारा भ्रष्ट तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को छिपाने में मदद की।
पूछताछ के दौरान दोनों संपत्ति के बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दे पाए। जिसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 13(1),(इ), 13(2) के अलावा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 109 के तहत भी एफआईआर दर्ज की गई। उतेकर बीएमसी ने जूनियर इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी या शिकायत हो तो वे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क करें।
Created On :   12 May 2018 9:34 PM IST