- Home
- /
- पुलिस को बिजली का झटका देकर आरोपी...
पुलिस को बिजली का झटका देकर आरोपी फिल्मी स्टाइल में हुआ फरार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए एक आरोपी पुलिस को बिजली का झटका देकर फरार हो गया। आरोपी का नाम अब्दुल करीम शेख बताया गया है। शेख पर चोरी, हमला व लूट के करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज है। इस बीच पुलिस को पता चला कि वह चिता कैम्प इलाके में अपने घर पर आया हुआ। फिर ट्राम्बे पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की तैयारी शुरु की।
किसी तरह से शेख को पुलिस के आने की खबर मिल गई। इसलिए उसने पुलिस से बचने के लिए फिल्म थ्री इडियट्स के एक दृश्य की तर्ज पर अपने घर के दरवाजे की कड़ी पर बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया। जिससे पुलिस वाले उसे पकड़ न सके। दरवाजे की कड़ी में करंट से बेखबर जब एक पुलिसकर्मी ने कड़ी को छुआ तो उसे बिजली का जोर का झटका लगा। इसके बाद पुलिसवालों ने सतर्कता से दरवाजा खोला लेकिन तब तक शेख अपने घर की छत के उपर से भाग गया। भागते समय भी उसने पुलिस वालों पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की।
इस बारे में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय दराडे (पूर्व क्षेत्र) ने बताया कि आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि है। वह कई मामलों में फ़रार है। इसलिए ट्राम्बे पुलिस को जब आरोपी के आने की जानकारी मिली तो वे उसे पकड़ने के लिए गए थे। लेकिन उसने दरवाजे की कड़ी पर करंट लगा दिया था। उसका इरादा पुलिस कर्मियों को मारना था। फिलहाल हमने उसके खिलाफ तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जल्द ही शेख को तड़ीपार करने की तैयारी भी पूरी की जाएगी। फिलहाल उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 ,353 व आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
Created On :   21 Nov 2020 6:19 PM IST