- Home
- /
- परमबीर सिंह के वसूली मामले से जुड़ा...
परमबीर सिंह के वसूली मामले से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से जुड़े जबरन वसूली के मामले में सहआरोपी विनय सिंह को गुरूवार को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया। विनय सिंह महानगर के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में दर्ज जबरन वसूली के मामले में आरोपी है। वह एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही फरार था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विनय सिंह को कांदिवली के एक कॉफी शॉप से गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले कारोबारी बिमल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
शिकायत में अग्रवाल ने दावा किया कि परमबीर सिंह, सचिन वाझे और दूसरे आरोपियों ने उनसे बार के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई न करने के लिए जबरन नौ लाख रुपए लिए और 2 लाख 92 हजार रुपए के दो मोबाइल फोन भी खरीदकर देने के लिए मजबूर किया। मामले की छानबीन अपराध शाखा को सौंपी गई है जिसने कुछ दिनों पहले ही सिंह, वाझे, सुमित सिंह और अल्पेश पटेल नाम के चार लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया है जबकि रियाज भाटी और विनय सिंह के खिलाफ अभी जांच चल रही है। मामले में भाटी अब भी फरार है।
Created On :   16 Dec 2021 8:08 PM IST