पेट्रोल पंप पर कर्मचारी का बैग उड़ाकर आरोपी रफू-चक्कर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना - जानिए नागपुर की अन्य घटनाएं

Accused scoffed after blowing employees bag at petrol pump, incident caught on CCTV
पेट्रोल पंप पर कर्मचारी का बैग उड़ाकर आरोपी रफू-चक्कर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना - जानिए नागपुर की अन्य घटनाएं
पेट्रोल पंप पर कर्मचारी का बैग उड़ाकर आरोपी रफू-चक्कर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना - जानिए नागपुर की अन्य घटनाएं

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।  नागपुर में चोरी, आत्महत्या, विवाद सहित अन्य क्राइम की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले  रही है। कलमना इलाके में दोपहिया वाहन पेट्रोल भराने आया एक ग्राहक मौका पाकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी की बैग चुराकर फरार हो गया। बैग में करीब 77 हजार 154 रुपए थे। पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मचारी शुभम ठाकरे की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मास्क और हेलमेट पहने होने के कारण आरोपी की पहचान में दिक्कत हो रही है, लेकिन पुलिस का दावा है कि, वाहन नंबर के आधार पर जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। 

पंप के हैंडल पर टंगा था बैग
पुलिस के अनुसार गुलमोहर नगर, भरतवाड़ा रोड निवासी शुभम ठाकरे कलमना स्थित सूर्य नगर में नैवेद्यम सेलिब्रेशन के सामने पेट्रोल पंप पर काम करता है। 27 जून को दोपहर करीब 1.30 बजे शुभम ने एक ग्राहक के वाहन में पेट्रोल भरते समय रुपयो से भरा बैग  मशीन के हैंडल पर टांग दिया था। जब वह ग्राहक का एटीएम से  बिल लेने लगा, इस बीच मौका पाकर दूसरे ग्राहक ने उसका बैग चुरा लिया। बैग से चिल्लर पैसे गिरने पर पता चला कि, उसका बैग चुरा लिया गया है, लेकिन तब तक आरोपी वाहन चालक फरार हो चुका था। बैग में करीब  77,154 रुपए थे। शुभम की शिकायत पर कलमना थाने में धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 
अस्पताल में भर्ती रेलयात्री की मौत
रेलयात्रा के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। रेलवे पुलिस और रेल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाकर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने भी उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उमेदपुर, बिहार निवासी रामदेव यादव (55) की शुक्रवार को ट्रेन में सफर के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसकी टिकट चेकिंग स्टाफ से सूचना मिलते ही नागपुर रेलवे स्टेशन पर सूचना दी गई। ट्रेन स्टेशन पर पहुंचते ही रेल कर्मचारी और रेलवे पुलिस ने उसे मेयो अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान शनिवार को रामदेव की मौत हो गई। उसके परिवार को सूचना देकर रेलवे पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। 

दफ्तर से रोते हुए घर लौटी युवती और फांसी लगा ली
यशोधरा नगर क्षेत्र में एक युवती ने दफ्तर से लौटने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।  आत्महत्या का कारण अज्ञात है। मृतका रानी दुर्गावती चौक, संजय गांधी नगर निवासी मानसी गौतम सोमकुंवर (22) है। मानसी कामठी रोड स्थित एक वाहन के शो-रूम में काम करती थी। शनिवार को मानसी शाम 4 बजे दफ्तर से रोते हुए घर पहुंची और खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद मानसी ने छत में लगे लोहे के ऐंगल को चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। सदमे में आए परिजन आत्महत्या का कोई कारण नहीं पाए। घटना को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। यशोधरा नगर थाने में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है। 

अज्ञात व्यक्ति के वीडियो कॉल से विवाहिता परेशान
अलग-अलग नंबरों से वीडियो कॉल कर परेशान करने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ गिट्टीखदान थाने में विवाहिता की शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हुई है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। 25 वर्षीय विवाहिता गिट्टीखदान क्षेत्र निवासी है। उसका पति मजदूरी करता है। 24 से 26 जून के बीच दोपहर में अज्ञात व्यक्ति ने विवाहिता को वीडियो कॉल किया और अश्लील हरकतें की। विवाहिता ने उस नंबर को ब्लॉक कर दिया, लेकिन आरोपी अलग-अलग नंबरों वीडियो कॉल कर विवाहित का परेशान करने लगा। आखिरकार इससे त्रस्त विवाहिता ने पुलिस से शिकायत की। बरामद नंबर के आधार पर साइबर सेल अज्ञात आरोपी को तलाश कर रही है।

टीनशेड डालने से रोकने पर तीन लोगों पर मामला दर्ज
हुड़केश्वर क्षेत्र में छत पर टीनशेड डालने की बात को लेकर हुए विवाद में पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने 3 आरोपियों पर धमकाने और छेड़छाड़ किए जाने का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना 26 जून को हुई। पुलिस के अनुसार पीड़ित 32 वर्षीय महिला है। शिकायत पर आनंद कुकड़े, उसकी पत्नी और पड़ोसी महिला के खिलाफ  धारा   452, 354(अ), 323, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। हुड़केश्वर थाने के उप-निरीक्षक पवार ने बताया कि, पीड़ित महिला ने आनंद कुकड़े से मकान खरीदा है। मकान की छत पर टीनशेड डालने की बात को लेकर इनमें कहा-सुनी हुई। 
विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 
 

Created On :   28 Jun 2021 9:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story