- Home
- /
- शिवसेना ने भाजपा को बताया ‘शिखंडी’
शिवसेना ने भाजपा को बताया ‘शिखंडी’

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मलिक की ईडी द्वारा गिरफ्तारी और मुंबई मनपा (बीएमसी) के स्थायी समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव के घर पर आयकर विभाग के छापे से नाराज शिवसेना ने भाजपा नेताओं को शिखंडी की संज्ञा दी है। पार्टी के मुख्य पत्र में ‘शिखंडी युद्ध’ शीर्षक से प्रकाशित संपादकीय में भाजपा की आलोचना की गई है। पार्टी ने कहा है कि यूक्रेन-रुस युद्ध के बीच शुरु केंद्रीय जांच एजेसियों की कार्रवाई को भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ युद्ध बता रही है। केंद्रीय जांच एजेंसियों की आड़ में छुप कर ये लोग युद्ध का भाव दिखा रहे हैं पर यह शिखंडी वाला प्रयोग है।
शिवसेना ने कहा कि इनकम टैक्स विभाग ने बीएमसी के स्थायी समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव के घर पर छापा मारा। उन्हें जो जांच करना है करें पर पिंपर-चिंचवड मनपा के स्थायी समिति अध्यक्ष नितिन लांडगे को महानगरपालिका में ही लाखों रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। सालभर जेल में रहने के बाद वे फिर से भ्रष्टाचार करने स्थायी समिति में आ गए। इस पर भाजपा वाले मुंह क्यों नहीं खोलते। नागपुर महानगरपालिका भी इस कार्य में पीछे नहीं है। किरीट व नील सोमैया का भ्रष्टाचार उन्हें जेल जे जाने वाला है। संपादकीय में सवाल किया गया है जब गलत किए नहीं हैं तो डर किस बात का है। क्यों पसीने से तरबतर होकर नील सोमैया अग्रिम जमानत के लिए सेशन कोर्ट गए हैं। संपादकीय में कहा गया है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रविण दरेकर, भाजपा विधायक प्रसाद लाड और पूर्व सांसद किरीट सोमैया सहितसुधीर मुनगंटीवार का पेड घोटाला भी सामने आएगा। पार्टी ने कहा है कि अब शुरुआत हो ही गई है तो आप के भी ‘डर्टी बारह ’ के बारह बजे बगैर नहीं रहेंगे। शिवसेना ने कहा है कि भाजपा पहले पीछे से वार करती थी अब उसका रुपांतर शिखंडी के रुप में हो गया है। शिखंडी की तरह युद्ध करने की बजाय आमने सामने आकर युद्ध करो।
Created On :   26 Feb 2022 6:47 PM IST