- Home
- /
- डॉ. राज गजभिये मेडिकल अस्पताल के...
डॉ. राज गजभिये मेडिकल अस्पताल के अतिरिक्त अधिष्ठाता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने डॉ. राज गजभिये को मेडिकल अस्पताल के अतिरिक्त अधिष्ठाता पद की जिम्मेदारी सौंपी है। मेडिकल के अधिष्ठाता डॉ. सुधीर गुप्ता का स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने शल्यक्रिया विभाग के डॉ. गजभिये को जिम्मेदारी सौंपी है। गौरतलब है कि मेडिकल के पूर्व अधिष्ठाता डॉ. सजल मित्रा 21 जनवरी 2021 से अवकाश पर चले गए थे। इसके बाद उन्होंने स्वेच्छानिवृत्ति ले ली थी। इसके बाद सुपर स्पेशलिटी के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने मेडिकल के अधिष्ठाता पद का कार्यभार संभाला। कुछ महीने पहले ही डॉ. सुधीर गुप्ता को अधिष्ठाता पद पर स्थायी नियुक्ति दी गई है।
निजी अस्पताल में उपचार जारी
डॉ. गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान बच्चों के लिए स्वतंत्र कोविड वार्ड, हवा से ऑक्सीजन निर्माण का प्लांट, मेडिकल व सुपर स्पेशलिटी में स्नातकोत्तर की सीटों में बढ़ाेतरी आदि उल्लेखनीय कार्य किए। डेढ़ महीना पहले उनका स्वास्थ्य बिगड़ा। पिछले सप्ताह तबीयत अधिक खराब होने से उन्हें एक निजी अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती कराया गया है। इसलिए अधिष्ठाता पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी डॉ. राज गजभिये को सौंपी गई है।
Created On :   25 Feb 2022 2:15 PM IST