- Home
- /
- महाराष्ट्र : 16 वर्षीय छात्रा को...
महाराष्ट्र : 16 वर्षीय छात्रा को बेहोश कर किया रेप, प्रेगनेंट होने के बाद हुआ खुलासा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मासूम छात्रा को किसी ने बेहोशी की गोली खिलाकर उससे घिनौना काम किया, जिसकी पोल उसके गर्भवती होने के बाद खुली। शुक्रवार की देर रात यशोधरा नगर थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। छात्रा के चुप्पी साध लेने से आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए थोड़ा मुश्किल होगा।
पीड़ित 16 वर्षीय किशोरी यशोधरा नगर थाना क्षेत्र की निवासी है। छात्रा कक्षा 11वीं में है। उसके पिता की फर्नीचर की दुकान है। करीब तीन महीने पहले 31 मई 2018 की सुबह करीब 8 बजे के दौरान छात्रा जब टाइपिंग क्लास के लिए जा रही थी, तभी बीच रास्ते में बस्ती में दोपहिया वाहन पर आए युवक ने उसे रोक लिया।
छात्रा के अनुसार युवक ने उसे धमकाया उसके बाद उसे सफेद रंग की एक गोली खाने के लिए दी। गोली खाने के बाद छात्रा को बस्ती में ही कचरे के ढेर के पीछे ले गया और उससे दुष्कर्म किया। बेहोशी का नशा खत्म होने के बाद छात्रा घर पहुंची। डरी सहमी होने से उसने घटित प्रकरण के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया।
तीन महीने पहले किसी ने बेहोश कर किया था घिनौना काम
गत कुछ दिनों से छात्रा की तबीयत खराब रहने लगी। लगातार उल्टियां हो रही थीं, इस कारण शुक्रवार को माता-पिता उसे सक्करदरा क्षेत्र के निजी अस्पताल में ले गए। चिकित्सक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी माता-पिता को दी। प्रकरण की गंभीरता और छात्रा के किशोरवयीन होने से सक्करदरा पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
लिहाजा महिला अधिकारी के साथ आला पुलिस अधिकारी भी तत्काल अस्पताल पहुंचे। छात्रा का बयान दर्ज किया गया है। घटित प्रकरण के संबंध में छात्रा ने कुछ भी कहने से इनकार किया। उसका कहना है कि उसे आरोपी के संबंध में कुछ भी पता नहीं है। उसे उसका चेहरा भी याद नहीं है। इससे माना जा रहा है कि छात्रा ने किसी दबाव के चलते चुप्पी साध ली है। इस कारण वह घटित प्रकरण के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। जिससे आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए थोड़ा मुश्किल है। इस बीच प्रकरण दर्ज किया गया है। निरीक्षक महेश बनसोडे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक उल्हास राठोड मामले की जांच कर रहे हैं।
Created On :   2 Sept 2018 6:25 PM IST