- Home
- /
- पीड़िता के साथ विवाह के बाद कोर्ट...
पीड़िता के साथ विवाह के बाद कोर्ट ने रद्द कर दिया दुष्कर्म का मामला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुष्कर्म के आरोपी द्वारा पीड़िता के साथ विवाह करने के बाद बांबे हाईकोर्ट ने आरोपी के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले को रद्द कर दिया है। इससे पहले आरोपी ने पीडिता को शादी का वादा करके उसके साथ कई बार संबंध बनाए थे। यहीं नहीं उसका अश्लील वीडियो भी बनाया था लेकिन बाद में शादी करने से इंकार कर दिया था। लिहाजा पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ 2 जनवरी 2021 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
इस बीच आरोपी व शिकायतकर्ता ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया। और आरोपी ने कोर्ट में आपारधिक मामला रद्द करने की मांग को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की। न्यायमूर्ति पीबी वैराले व न्यायमूर्ति अनिल किल्लोर की खंडपीठ के सामने आरोपी की याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान पीड़िता ने खंडपीठ को बताया कि आरोपी ने उसके साथ विवाह कर लिया है। उनका 6 माह का बेटा भी है। इसलिए यदि आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले को रद्द किया जाता है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है। उसने बिना किसी दबाव के मामला रद्द करने के विषय में सहमति दी है। इस दौरान पीड़िता ने कोर्ट के सामने विवाह से जुड़ा प्रमाणपत्र भी खंडपीठ के सामने पेश किया।
Created On :   15 Feb 2022 5:59 PM IST