महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, हॉस्पिटल में किया पथराव

After the operation of the intestines in a private hospital a women died
महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, हॉस्पिटल में किया पथराव
महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, हॉस्पिटल में किया पथराव

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। शहर के परासिया रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में आंतों के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत से आहत परिजनों ने  देर रात अस्पताल परिसर में हंगामा मचाया। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में पथराव भी किया। जिससे हॉस्पिटल की कांच टूटी है। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग कर रहे मृतका के परिजनों को सीएसपी ने समझाइश देकर मामला शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सारणी निवासी योगेश अहिरवार ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन 43 वर्षीय किरण पति अशोक अहिरवार को पेट की तकलीफ का इलाज कराने सोमवार को निजी हॉस्पिटल लाए थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने आंतों के ऑपरेशन की सलाह दी थी। मंगलवार रात को किरण का ऑपरेशन किया गया। इसके बाद लगातार उसकी हालत बिगड़ती चली गई। शनिवार को हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर कर दिया गया। नागपुर ले जाते समय रास्ते में ही किरण ने दम तोड़ दिया। रविवार को जिला अस्पताल में मृतका का पीएम कर शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

गार्ड ने अस्पताल का गेट लगा दिया-
योगेश अहिरवार ने बताया कि किरण का शव लेकर वे वापस हॉस्पिटल पहुंचे थे। हम डॉक्टर से मिलना चाह रहे थे। लेकिन हॉस्पिटल के गार्ड ने अंदर नहीं जाने दिया और गेट बंद कर दिया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।

तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पीएम
ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर परिजनों के हंगामें के बाद जिला अस्पताल के तीन डॉक्टरों की टीम ने मृतका का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों की टीम में सर्जन डॉ. एनएस ढाकरिया, डॉ. लक्ष्मण गोलानी और महिला डॉक्टर शिल्पा सहलाम मौजूद थी। तीनों डॉक्टरों द्वारा महिला का पीएम किया गया।

मरीज की आंतों में कैंसर निकला था
सर्जन डॉ.मनन गोगिया ने बताया कि किरण की आंतें आपस में चिपकी हुई थी। जिसकी वजह से उन्हें शौच नहीं हो पा रही थी। इसके लिए ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के दौरान उनकी बड़ी आंत में कैंसर निकला। जिसकी वजह से उनका स्वास्थ्य बिगड़ा था। हालत बिगडऩे की जानकारी परिजनों को दे दी गई थी। हमारे द्वारा बेहतर केयर के लिए मरीज को नागपुर रेफर किया गया था।

क्या कहते हैं अधिकारी-
निजी हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद किरण को नागपुर रेफर किया गया था, रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे है। तीन डॉक्टरों की टीम ने मृतका का पोस्टमार्टम किया है। पीएम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। - एसके सिंह, सीएसपी

 

Created On :   1 Oct 2018 1:19 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story