- Home
- /
- पोस्टमार्टम के बाद किसी और का शव...
पोस्टमार्टम के बाद किसी और का शव लेकर चले गए परिजन

डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिला अस्पताल में बीमारी के चलते भर्ती एक 50 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान बुधवार शाम 5 बजे मृत्यु हो गई। अंत्येष्टि गुरुवार को रहने से शव पोस्टमार्टम गृह में रखा गया। गुरुवार को सुबह परिवार के सदस्य शोकाकुल वातावरण में जिला अस्पताल पहुंचे और शव को वाहन में लेकर घर पहुंच गए। कुछ समय बाद पता चला कि वह शव किसी और का है। इसके बाद मृतक के रिश्तेदारों में अफरातफरी मच गई। तत्काल उस लावारिस शव को वाहन में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और अपने परिवार के मृतक सदस्य को घर ले जाकर विधिवत उसकी अंत्येष्टि की। जानकारी के मुताबिक शहर के बालाजी नगर निवासी विजय माहुलकर नामक व्यक्ति को दो से तीन दिन पूर्व जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती किया गया था। बुधवार अपराह्न 5 बजे के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। विजय के निधन के समाचार मिलते ही परिवार के सदस्य जिला अस्पताल आ पहुंचे। लेकिन उनकी अंत्येष्टि गुरुवार को होनी थी इसलिए शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में रख दिया गया।
गुरुवार को सुबह 10.30 बजे के दौरान माहुलकर परिवार के सदस्य जिला अस्पताल के पोस्टमार्टमगृह में विजय माहुलकर का शव लेने के लिए पहुंचे। परिवार के सदस्य व रिश्तेदारों ने सफेद कपड़ों में लिपटा एक शव उठा लिया और वाहन में लेकर घर पहुंच गए। घर में पार्थिव देह आने के बाद मातम छा गया। कुछ समय बाद अंतिमयात्रा निकालने की तैयारी शुरू हो गई। जब सफेद कपड़ों में लिपटे इस शव का चेहरा अंतिम दर्शन के लिए हटाया गया तब उपस्थितों की पैरों तले जमीन खिसक गई। यह पार्थिव विजय माहुलकर का नहीं था। रिश्तेदार और उपस्थित नागरिकों में खलबली मच गई। तत्काल इस लावारिस शव को वापस उसी तरह सफेद कपड़ों में बंद कर वाहन से वापस जिला अस्पताल के पोस्टमार्टमगृह लाया गया। पश्चात वहां से विजय माहुलकर का शव घर ले जाकर विधिवत उसकी अंत्येष्टि की गई। यह मामला प्रकाश में आने के बाद राजापेठ पुलिस का दल भी जिला अस्पताल पहुंच गया और पुलिस की मध्यस्थता से कोई विवाद न होने पर सभी ने राहत की सांस ली।
Created On :   3 Jun 2022 2:37 PM IST