- Home
- /
- किसानों का जीवन बदल देगा कृषि...
किसानों का जीवन बदल देगा कृषि विधेयकः गोयल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि कृषि विधेयक किसानों का जीवन बदलने वाला कानून साबित होगा। केंद्र सरकार का लक्ष्य किसानों की आय दोगुनी करना है। श्री गोयल शनिवार को मुंबई में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। देशभर में विपक्षी दलों व किसान संगठनों द्वारा हो रहे कृषि विधेयक के विरोध के बीच मोदी सरकार ने अपने मंत्रियों को कृषि विधेयक के पक्ष में उतारा है।
रेलमंत्री ने कहा कि कृषि विधेयक से किसान अब अपने कृषि उत्पाद बेचने के लिए स्वतंत्र हो गया है। कई दशकों से वह बंधनों में बंधा था। कृषि विधेयक कीमतों में होने वाली उतार-चढ़ाव से किसानों को बचाएगा। कृषि विधेयक के चलते अब किसान का सामान सही समय, सही स्थान और सही व्यक्ति तक पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि इस कानून के चलते फसलों का समर्थन मूल्य खत्म नहीं हुआ है। वह कल भी था, आज भी है और कल भी रहेगा। गोयल ने कहा कि पिछले सात वर्षों में सरकार ने नाफेड के लिए कर्ज गारंटी लगातार बढ़ाई है, जिससे नाफेड के माध्यम से कृषि उपज की बड़े पैमाने पर खरीदारी हुई है। ठेका खेती की बाबत रेलमंत्री ने कहा कि इसको लेकर गलत बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ठेका खेती केवल एक विकल्प है। इसे अनिवार्य नहीं किया गया है। नए कानून में तीन दिनों के भीतर किसानों को भुगतान अनिवार्य किया गया है। इसमें किसी तरह के विवाद होने पर समाधान के लिए व्यवस्था बनाई गई है।
नागपुर के संतरे के लिए चलेगी किसान रेल
रेलमंत्री ने कहा कि किसान रेल को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नागपुर के संतरों को देशभर में पहुंचाने के लिए वहां से किसान रेल शुरु करने का प्रस्ताव है। संतरे का सीजन शुरु होते ही यह रेल शुरु होगी। किसान रेल के माध्यम से कम समय में जल्द खराब होने वाले कृषि उत्पादों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जा रहा है। महाराष्ट्र के देवलाली से बिहार के लिए किसान रेल शुरु की गई है।
Created On :   3 Oct 2020 7:48 PM IST