- Home
- /
- एयर इंडिया कार्यालय परिसर नीलाम
एयर इंडिया कार्यालय परिसर नीलाम

डिजिटल डेस्क,नागपुर। सिविल लाइंस स्थित एयर इंडिया कार्यालय परिसर की नीलामी की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। सूत्रों के मुताबिक कई दिग्गजों ने ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया में भाग लिया है।
बेशकीमती है जमीन : इस नीलामी में सर्वाधिक बोली लगाने वाले को सिविल लाइंस की यह बेशकीमती जमीन हासिल होगी। गौरतलब है कि, घाटे को कम करने के लिए एयर इंडिया द्वारा अपनी देशभर की संपत्ति को नीलाम किया जा रहा है। इसी कड़ी में नागपुर कार्यालय का भी समावेश था। पहली बार एयर इंडिया द्वारा नागपुर कार्यालय को 37 करोड़ में बेचने का निर्णय लिया गया था। नीलामी के वक्त किसी भी खरीदार ने इस कीमत पर यह संपत्ति खरीदने में रुचि नहीं ली, जबकि कुछ संपत्ति नीलामी के पहले दौर में ही बिक गई। नागपुर कार्यालय को नीलाम करने के लिए गुरुवार को दूसरी बार नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई। इस ऑनलाइन प्रक्रिया में अनेक खरीदारों द्वारा भाग लेने की जानकारी है।
मुंबई से संचालित हुई प्रक्रिया
नीलामी की यह प्रक्रिया एयर इंडिया के मुंबई कार्यालय से संचालित की गई है। इस बीच एयर इंडिया के नागपुर कार्यालय परिसर में वीरानी छाई रही। यहां कुछ कर्मचारी परिसर में नीलामी पर चर्चा करते नजर आए। यहां के कर्मचारी अपनी नाैकरी को लेकर भी आशंकित हैं कि पता नहीं, अब उन्हें कहां काम करना पड़ेगा।
Created On :   25 Sept 2021 7:32 PM IST