मप्र में भाजपा की जड़ें पाताल से भी गहरी: अमित शाह, शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू

Amit Shah flagged CM Shivraj Jan Ashirwad Yatra from Ujjain
मप्र में भाजपा की जड़ें पाताल से भी गहरी: अमित शाह, शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू
मप्र में भाजपा की जड़ें पाताल से भी गहरी: अमित शाह, शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले वोटरों को साधने के लिए बीजेपी ने जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की है। उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में पूजा-अर्चना के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई। जन आशीर्वाद यात्रा के लिए दो हाईटेक रथ तैयार किए गए हैं, जिसमें तमाम तरह की सुविधाएं हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसी रथ में सवार होकर 230 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे और सभाएं करेंगे।

सीएम ने की महाकाल के दरबार में पूजा अर्चना
जनआशीर्वाद यात्रा की शुरुआत से पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी उनकी पत्नी साधना सिंह के साथ महाकाल के दरबार में पहुंचकर पूजा अर्चना की। पूजा के बाद सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा "आज उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर का दर्शन-पूजन कर प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। महाकाल से कामना है कि हम प्रदेश के विकास के जिस पावन उद्देश्य को लेकर जन आशीर्वाद यात्रा की आज शुरुआत कर रहे हैं, उसमें सफलता प्रदान करें।"

क्या कहा अमित शाह ने?

  • लोगों के उत्साह को देखकर नजर आ रहा है कि जनआशीर्वाद यात्रा विजय यात्रा साबित होगी। 
  • सीएम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में विकास के नए-नए कीर्तिमान स्थापित किए है।
  • शिवराज सिंह देश के सबसे सफल मुख्यमंत्रियों में से एक है।
  • मध्य प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनना निश्चित है, मध्य प्रदेश में भाजपा की जड़ें पाताल से भी गहरी हैं।

 

 

फेमस कार डिज़ाइनर ने किया है रथ डिजाइन 
शिवराज सिंह चौहान जिस रथ पर सवार होकर यात्रा पर निकले है उसे वर्ल्ड फेमस कार डिज़ाइनर दिलीप छाबड़िया ने पुणे में डिजाइन किया है। इस पर ढाई करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। रथ में 10 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, ताकि शिवराज सिंह के साथ और लोग भी इसमें बैठ सकें। रथ में लाइट का ऐसा अरेंजमेंट किया गया है कि रात में जहां भी मुख्यमंत्री की सभा होगी वहां के मंच को भी जगमगा सकता है। इसके साथ ही इसमें वाईफ़ाई, मोबाइल फोन चार्जर, टीवी स्क्रीन और वॉशरूम की सुविधा है। रथ में एक सर्वसुविधा युक्त पैंट्री भी है। बस के अंदर और बाहर दोनों जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए है। 40 हाईटेक कैमरों के साथ ही यात्रा में भी पूरे समय 500 सुरक्षाकर्मी रहेंगे।

230 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी यात्रा
यात्रा अलग-अलग चरणों में 55 दिन में 230 विधानसभा क्षेत्रों से होकर निकलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री हर विधानसभा क्षेत्र मे एक सभा को संबोधित करेंगे, जबकि 475 से ज्यादा रथ सभाएं भी करेंगे। यात्रा के पहले चरण में 14 से 15 जुलाई तक सीएम शिवराज करीब 11 विधानसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं जन आशीर्वाद यात्रा का दूसरा चरण 18 जुलाई से मैहर में मां शारदा की पूजा के साथ शुरू होगा। 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान पर यात्रा का समापन करेंगे। इस दौरान भाजपा का कार्यकर्ता समागम होगा।

Created On :   14 July 2018 11:43 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story