- Home
- /
- अमरावती: आठ दिन में 65 कैदी लौटे...
अमरावती: आठ दिन में 65 कैदी लौटे कारागृह में

डिजिटल डेस्क, अमरावती कोरोना की पहली आैर दूसरी लहर के दौरान जेल से कैदियों की संख्या कम करने अमरावती मध्यवर्ती कारागृह के 380 कैदियों को पैरोल पर छोड़ा गया था। नवंबर माह से कोरोना नियंत्रण में आने के बाद अब हाल ही में राज्य के जेल प्रशासन द्वारा पैरोल पर छोड़े इन कैदियों को वापस बुलाने के आदेश जारी करने के बाद आठ दिनों में 65 कैदी वापस लौट आए हैं।
कारागृह प्रशासन ने कोराेना का प्रकोप बढ़ने पर और जेल में कैदियों की संख्या दिनोंदिन बढ़ने से कुल 380 कैदियों को कोरोना की पहली आैर दूसरी लहर के दौरान पैरोल पर छोड़ा था। पश्चात विगत नवंबर माह में कोरोना नियंत्रण में आने के बाद आैर जिला पूरी तरह कोरोनामुक्त हो गया। लेकिन पैरोल पर छोड़े गए कैदियों को वापस बुलाने के आदेश राज्य के जेल प्रशासन द्वारा नहीं मिलने से पैरोल पर छूटे सभी 380 कैदी बाहर ही थे। 5 मई को स्थानीय जेल प्रशासन को वरिष्ठों के आदेश प्राप्त होने के बाद छोड़े गए इन सभी कैदियों के नाम संबंधित पुलिस थाना प्रभारी को नोटिस देकर इन कैदियों को जेल वापस लौटने के निर्देश दिए गए। पिछले आठ दिन में अब तक 65 कैदी नोटिस मिलने के बाद जेल वापस लौट आए हैं। अभी भी 315 कैदियों का कारागृह वापस लौटना बाकी है। जेल प्रशासन ने बताया कि यदि नोटिस मिलने के भी एक पखवाड़े के भीतर संबंधित कैदी कारागृह वापस नहीं लौटे तो उन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   20 May 2022 2:44 PM IST