- Home
- /
- भाजपा और आप ने मनाया आनंदोत्सव
भाजपा और आप ने मनाया आनंदोत्सव

डिजिटल डेस्क, अमरावती। पांच राज्यों में हुए चुनाव की मतगणना को लेकर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई थीं। एग्जिट पोल से भाजपा के पाले में चार राज्यों के जाने के संकेत मिलने लगे थे। वोटों की गिनती से जैसे-जैसे रुझानों में चार राज्यों में भाजपा और पंजाब में आम आदमी पार्टी अाने लगी, जिले के इन दोनों दलों के कार्यालयों में कार्यकर्ताओं का जश्न मनाना शुरू हो गया। जो दिनभर चलता रहा। दोपहर बाद स्थिति जब और साफ होने लगी, तब उत्साह चरम पर जा पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने ढोल, ताशों के साथ जश्न मनाते हुए मिठाइयां बांटकर आंनदोत्सव मनाया। इधर, कांग्रेस पार्टी कार्यालय वीरान पड़े रहे।
विरोधियों को मिला जवाब
देश की जनता का पीएम मोदी पर कितना भरोसा है, इसका जवाब आज पांच में से चार राज्यों के चुनाव परिणाम बता रहे हैं। इन चुनाव परिणामों से कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो चला है। साथ ही प्रेरणा भी मिली है। अमरावती मनपा में कांग्रेस की ओर से किए गए आंदोलन को भी आज के आनंदोत्सव के जरिए जवाब मिल गया होगा।
-चेतन गावंडे , पूर्व महापौर
चुनाव परिणाम विकास व विश्वास पर मुहर
देश की रक्षा और विकास के एजेंडे को सामने रखकर पीएम मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। सरकार की महिला सशक्तिकरण, कानून सुव्यवस्था, पीएम किसान निधि जैसी अन्य योजनाओं के जरिए आम जनता की मदद की जा रही है। जनता ने विकास व विश्वास पर मुहर लगाई है। पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस का चुनावों में विशेष ध्यान लगा हुआ था। - प्रताप अडसड, विधायक, धामणगांव रेल्वे
धामणगांव में मनाया गया जश्न
पांच में से चार राज्यों में भाजपा को मतगणना के दौरान बढ़त मिलने से भाजपा की ओर से धामणगांव में महिला कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांट कर आनंदोत्सव मनाया। महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के सामने जीत को लेकर जयकारे लगाए गए।
राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर उभर रहे हैं केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल मजबूती के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आम जन के सवालों को लेकर पंजाब में चुनाव मैदान में उतरे हुए थे। भगवंत मान को उन्होंने सीएम के तौर पर खड़ा किया था। जनता ने उन्हें स्वीकार किया है। लिहाजा आम आदमी पार्टी अब सरकार बनाएगी। दिल्ली के बाद अब पंजाब में बहुमत पाने के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल एक राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर भी देखे जा रहे हैं। - नितीन गवली, विदर्भ संगठन मंत्री, आप
सभी दलों को समीक्षा करने की जरूरत
इस चुनाव में भाजपा द्वारा काफी पैसा खर्च किए जाने की आशंका है। इस चुनाव परिणाम से महाराष्ट्र या फिर अमरावती जिले में कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
-बबलू शेखावत, शहराध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, अमरावती
Created On :   11 March 2022 2:28 PM IST