- Home
- /
- नागपुर कोर्ट परिसर से भागा आरोपी...
नागपुर कोर्ट परिसर से भागा आरोपी ठाणे से गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,मुंबई। नागपुर के अदालत परिसर से फरार एक आरोपी को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम राहुल गायकवाड बताया गया है। गायकवाड के कोर्ट से फरार होने के बाद इसकी जानकारी ठाणे पुलिस की अपराध शाखा को दी गई थी। ठाणे पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गायकवाड 21 फरवरी 2018 को नागपुर कोर्ट परिसर से भाग गया था। उसके खिलाफ नागपुर के धंतोली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 392 व 34 के तहत मामला दर्ज है।
टीम ने आरोपी को जाल बिछाकर पकड़ा
कोर्ट से फरार हुए गायकवाड के बारे में ठाणे पुलिस को बताया गया था कि वह ठाणे के घोडबंदर इलाके में विवियाना माल परिसर के निकट रहता है। नागपुर पुलिस से मिली इस सूचना के आधार पर ठाणे पुलिस आयुक्त परमवीर सिंह के नेतृत्व में बनाई गई पुलिस की टीम ने गायकवाड को तलाशने का काम शुरु कर दिया। पुलिस की टीम को गायकवाड के विवियाना माल के पास आने की खबर मिली तो पुलिस टीम ने जाल बिछाकर गायकवाड को गिरफ्तार कर लिया। ठाणे पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गायकवाड को गिरफ्तार कर उसे नागपुर पुलिस के हवाले कर दिया है।
बैग लिफ्टिंग का आरोपी है गायकवाड़
आरोपी गायकवाड़ को नागपुर पुलिस ने बेलतरोड़ी थानांतर्गत गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि कुछ दिनो पूर्व बैग लिफ्टिंग की घटना हुई थी । पुलिस को संदेह था कि गायकवाड़ का उस घटना से ताल्लुक है। पुलिस ने उस पर नजर रखनी शुरू की और उसे संदेहजनक स्थिति में पकड़ा। क्राइम ब्रांच ने आरोपी गायकवाड़ को 8 फरवरी को बेलतरोड़ी थाना से ही गिरफ्तार किया था। उसकी उम्र को लेकर पुलिस को संदेह होने से उससे पूछताछ और जांच पड़ताल की गई। जांच में आरोपी गायकवाड़ बालिग निकला तो उसे कोर्ट में पेश किया गया। 21 फरवरी को कोर्ट मामले में गायकवाड़ को जेल भेजने का आदेश दिए थे। पश्चात कोर्ट से निकलते समय आरोपी गायकवाड़ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

Created On :   24 Feb 2018 7:15 PM IST