- Home
- /
- नाबालिग साली को लेकर फरार जीजा 2...
नाबालिग साली को लेकर फरार जीजा 2 साल बाद गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे पुलिस ने दो साल पहले नाबालिग साली को लेकर फरार हुए जीजा को गिरफ्तार किया है। हालांकि आरोपी जब पकड़ा गया तो उसके साथ एक साल की बच्ची भी थी। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को अगवा करने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया है। ठाणे पुलिस की प्रवक्ता सुखदा नारकर ने बताया कि डोंबिवली पुलिस स्टेशन में दो साल पहले एक नाबालिग को अगवा किए जाने की शिकायत दर्ज की गई थी। शुरूआती जांच में ज्यादा कामयाबी नहीं मिली, लेकिन कुछ दिनों बाद पता चला कि लड़की का जीजा किरण अहिरे (26) भी उसके साथ ही गायब है।
इसके बाद से पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की उपनिरीक्षक कल्याणी पाटील को आरोपी के ठाणे स्थित कोर्ट नाका पहुंचने की जानकारी मिली जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के साथ लापता लड़की भी थी। आरोपी और लड़की ने खुलासा किया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, इसलिए वे घर से भागे थे। इस बीच लड़की को एक बेटी भी हुई जो फिलहाल एक साल की है, लेकिन वारदात के वक्त लड़की की उम्र 17 साल थी, इसलिए जून 2016 को आरोपी के खिलाफ लड़की को बहला फुसलाकर उसे अगवा करने का मामला दर्ज किया गया था। अपराध शाखा ने अहिरे को डोंबिवली पुलिस के हवाले कर दिया। नारकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363 के तहत अपहरण के आरोप में FIR दर्ज थी, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज लड़के ने ममेरी बहन को मारा चाकू
वहीं दूसरे मामले में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक 25 वर्षीय शख्स ने अपनी ही ममेरी बहन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने लड़की पर एक के बाद एक आठ वार किए। बुरी तरह जख्मी लड़की अस्पताल में भर्ती है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी फरार था पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। वारदात ठाणे के मुंब्रा स्थित सम्राट नगर इलाके की है। हमला करने वाला आरोपी लड़की के सगे मामा का बेटा है। आरोपी करण हुले 21 वर्षीय लड़की से एकतरफा प्रेम करता था और उसके सामने कई बार शादी का प्रस्ताव रख चुका था, लेकिन करण कोई काम धंधा नहीं करता था और उसे नशे की लत थी, इसलिए लड़की उससे शादी के लिए तैयार नहीं थी।
रविवार रात भी करण ने लड़की के सामने एक बार फिर शादी का प्रस्ताव रखा लेकिन उसने इनकार कर दिया। इससे नाराज आरोपी ने लड़की पर चाकू से हमला कर दिया। लड़की की चीख पुकार सुनकर उसके पिता और बहन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया था। परिवार वाले लड़की को अस्पताल ले गए जहां फिलहाल उसका हालत स्थिर बताई जा रही है। सीनियर इंस्पेक्टर के सी पासलकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत हत्या की कोशिश के आरोप में FIR दर्ज की गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Created On :   17 Sept 2018 10:02 PM IST