- Home
- /
- उचित मूल्य न मिलने से नाराज किसानों...
उचित मूल्य न मिलने से नाराज किसानों ने मंत्रालय के सामने फेंका अनाज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सरकार के आश्वासन के बावजूद न्यूनतम समर्थन मूल्य न मिलने से नाराज किसानों ने सोमवार को मंत्रालय के सामने अनाज फेंककर आंदोलन किया। नाराज किसानों ने मंत्रालय के गेट पर तूर, चना, सोयाबीन, मूंग जैसे अनाज फेंककर अपना विरोध जताया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 10 लोगों को हिरासत में ले लिया।
छावा युवा महासंघ के अध्यक्ष धनाजी येलकर पाटील की अगुआई में किसानों ने यह आंदोलन किया। आंदोलन करने के लिए करीब 70 किसान पुणे से मुंबई पहुंचे थे। आंदोलनकारियों का कहना था कि उन्होंने 15 दिन पहले ही न्यूमतम समर्थन मूल्य के मुद्दे पर कृषि व विपणन राज्य मंत्री सदाभाऊ खोत के साथ बैठक की थी। सहमति न बनने पर हमने पहले ही आंदोलन की चेतावनी दी थी।
आंदोलनकारियों ने अनाज फेंकने के साथ-साथ खोत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस को इस आंदोलन की जानकारी पहले से थी इसलिए 60 लोगों को पहले ही रोक लिया गया था। जबकि अनाज फेंकने और नारेबाजी करने के बाद 10 और लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
Created On :   24 Sept 2018 8:11 PM IST