राज्यसभा चुनाव के लिए देसाई ने भरा नामांकन, जावडेकर महाराष्ट्र से जाएंगे दिल्ली

Anil Desai filled the nomination for the Rajya Sabha elections
राज्यसभा चुनाव के लिए देसाई ने भरा नामांकन, जावडेकर महाराष्ट्र से जाएंगे दिल्ली
राज्यसभा चुनाव के लिए देसाई ने भरा नामांकन, जावडेकर महाराष्ट्र से जाएंगे दिल्ली

डिजिटल डेस्क, मुंबई/नई दिल्ली। राज्यसभा की 6 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए शिवसेना उम्मीदवार अनिल देसाई ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। 25 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए देसाई नामांकन करने वाले पहले उम्मीदवार हैं। आगामी 12 मार्च तक नामांकन किया जा सकेगा। विधायकों की संख्या के लिहाज से तीन सीट भाजपा के हिस्से आएंगी जबकि एक-एक सीट शिवसेना, राकांपा व कांग्रेस को मिलेगी।

जेटली उप्र से तो जावडेकर महाराष्ट्र से जाएंगे रास
केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली अब उत्तरप्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे। भाजपा ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए आज जेटली को उत्तरप्रदेश से तो मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर को महाराष्ट्र से उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के 8 उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। पार्टी की ओर से जारी सूचि में भूपेन्द्र याादव को छोड़कर सभी केन्द्र में मंत्री हैं। पार्टी ने उत्तरप्रदेश से अरूण जेटली, महाराष्ट्र से प्रकाश जावडेकर, मध्यप्रदेश से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, बिहार से रविशंकर प्रसाद, हिमाचल प्रदेश से जगत प्रकाश नड्डा, गुजरात से कृषि राज्य मंत्री परषोत्तम रूपाला व सड़क परिवहन राज्य मंत्री मनसुख एल मांडविया और राजस्थान से भूपेन्द्र यादव को उम्मीदवार बनाया है। उक्त मंत्रियों का राज्यसभा का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है। 

एनसीपी ने वंदना चव्हाण को फिर भेजने का लिया फैसला
राकांपा ने वंदना चव्हाण को फिर से राज्यसभा में भेजने का फैसला लिया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा महाराष्ट्र से केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, धर्मेंद्र प्रधान के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को राज्यसभा में भेजने वाली है। हालांकि राणे अभी तक दिल्ली जाने को लेकर असमंजस में दिखाई दे रहे हैं। एक-दो दिनों के भीतर वे स्थति स्पष्ट करेंगे। इसके बाद भाजपा अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।

कांग्रेस से तीन नाम
कांग्रेस में राज्यसभा की एक सीट के लिए एक अनार सौ बीमार वाली हालत है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस की ओर से पार्टी हाईकमान के पास तीन नाम भेजे गए हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता रत्नाकर महाजन व मौजूदा राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला का नाम शामिल है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मिलिंद देवडा भी राज्यसभा में जाने के इच्छुक हैं। मिलिंद 2014 में दक्षिण मुंबई से लोकसभा चुनाव हार गए थे।  नामांकन आगामी 12 मार्च तक किया जा सकता है।

तीन मंत्रियों के राज्य बदले
इस सूचि में शामिल तीन मंत्रियों के राज्य बदले गए हैं। वर्षोंं से गुजरात से उच्च सदन में जमे जेटली को इस बार उत्तरप्रदेश से मौका मिला है तो मंत्री बनने के बाद मध्यप्रदेश से राज्यसभा में पहुंचे प्रकाश जावडेकर अब अपने गृह राज्य महाराष्ट्र से राज्यसभा में दाखिल होंगे। इसी प्रकार राज्यसभा में अभी बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे धर्मेन्द्र प्रधान को इस बार मध्यप्रदेश से उम्मीदवार घोषित किया गया है।

Created On :   7 March 2018 6:27 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story