- Home
- /
- डूबते दोस्त को बचाने के चक्कर में...
डूबते दोस्त को बचाने के चक्कर में दूसरा युवक भी डूबा

डिजिटल डेस्क,अमरावती। अपने दोस्तों के साथ घूमने गए दो युवकों की वड़की डैम में डूबने से मृत्यु हो गई। घटना नांदगांवपेठ थाना क्षेत्र की है। पुलिस व रेस्क्यू दल ने घटना के पांच घंटे बाद दोनों युवकों के शव बांध से बाहर निकाल लिए हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक युवकों के नाम नवसारी निवासी विनय शिवदास चव्हाण (20) और रहाटगांव निवासी अभिषेक प्रदीप कुरलकर (21) है। बताया जाता है कि विनय चव्हाण अपने कुछ दोस्तों के साथ रविवार को दोपहर में नांदगांवपेठ थाना क्षेत्र में आनेवाले नागपुर रोड़ स्थित वड़की बांध पर घूमने के लिए गया था। दूसरी तरफ अभिषेक कुरलकर भी अपने दोस्तों के साथ दोपहिया वाहन से डैम पर घूमने आया था। दोनों ही युवकों के दोस्त अपने वाहन खड़े कर तैरने के लिए बांध में उतर गए। विनय बांध के किनारे ही था। उसके दोस्त व अभिषेक के दोस्त अलग-अलग जगह तैरते हुए मस्ती कर रहे थे। उसी समय अभिषेक पानी में विनय को डूबता हुआ नजर आया। इस कारण विनय उसे बचाने के लिए गया।
बांध में पानी काफी गहरा रहने से अभिषेक को बचाने के चक्कर में विजय भी डूब गया। विनय व अभिषेक के दोस्तों ने यह नजारा आंखों से देखा और भयभीत होकर डैम के बाहर निकलकर उन्होंने तत्काल नांदगांवपेठ पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थानेदार प्रवीणकाले अपने दल के साथ घटनास्थल आ पहुंचे। दोपहर 2.30 बजे के दौरान घटित हुई इस घटना की जानकारी प्रवीण काले ने वरिष्ठों को देने के बाद युवकों के शव बांध से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू दल को सूचित किया। दोपहर 3 बजे के दौरान जानकारी मिलते ही रेस्क्यू दल घटनास्थल पहंुच गया। अमरावती से लगभग 25 किलोमीटर दूरी पर स्थित वडकी बांध पर पहंुचते ही रेस्क्यू दल ने डैम में डूबे युवकों की खोजबीन शुरू कर दी।
डेढ़ घंटे बाद पुलिस को अपरान्ह 4.30 बजे के दौरान अभिषेक कुरलकर का शव बरामद हुआ। पश्चात दो घंटे बाद शाम 6.30 बजे विनय चव्हाण का भी शव बरामद हो गया। अभिषेक को डूबता देख बचाने के चक्कर में विजय को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। घटनास्थल पर नागरिकों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। दोनों मृतक युवकों के शव बाहर निकालने में रेस्क्यू दल के सचिन धरमकर, दीपक पाल, उदय मोरे, देवानंद गुजाडे, भूषण वैद्य, अर्जुन सुंदरडे, गणेश जाधव, योगेश ठाकरे, सुरेश पालवे, सूरज लोणारे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवकों के शव बाहर निकालने के बाद नांदगांवपेठ पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दोनों के शव जिला अस्पताल पहंुचा दिए है। आकस्मिक घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
Created On :   27 Jun 2022 3:08 PM IST