- Home
- /
- आयरलैंड से आया एक और युवक कोविड...
आयरलैंड से आया एक और युवक कोविड पॉजिटिव,नए स्ट्रेन की आशंका

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नए स्ट्रेन की आशंका के बीच रविवार को एक और मरीज की पहचान की गई है। यह आयरलैंड में रह रहा था। वहां से लंदन गया और लंदन से आने के बाद वह दिल्ली आया। व्यक्ति मूलत: बिलासपुर का निवासी है, लेकिन 14 दिसंबर से नागपुर में था। 26 दिसंबर यानी शनिवार को युवक का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया, जिसमें वह पॉजिटिव आया। अभी तक किसी भी नए स्ट्रेन वाले संदिग्ध की रिपोर्ट पुणे से नहीं आई है।
7 बार अलग-अलग जगह गया
36 वर्षीय व्यक्ति मूलत: जाजंगीर, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) का निवासी है। यह कुछ महीनों से आयरलैंड की राजधानी डबलिन में रह रहा था। वहां से भारत आने के लिए वह 27 नवंबर को लंदन के लिए निकला। दिल्ली 28 नवंबर को सुबह 6.30 बजे पहुंचा। वहां उसे 7 दिन के लिए क्वारेंटाइन होने की सलाह दी गई, लेकिन वह 28 नवंबर को ही रायपुर पहुंच गया। रायपुर से वह जांजगीर पहुंचा। वहां 7 दिन क्वारेंटाइन रहा। इसके बाद 6 दिसंबर को जांजगीर में एक विवाह समारोह में शामिल हुआ और 4 दिन बाद 10 दिसंबर को पत्थलगांव घूमने चला गया। वहां कुछ दिन रुकने के बाद 14 दिसंबर को नागपुर के मांजीगल्ली, किला रोड (महाल) आया। तब से वह नागपुर में ही रह रहा था। मनपा ने उसकी पहचान की। इसके बाद उसने 26 दिसंबर को आरटीपीसीआर जांच कराई, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रविवार को उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खांसी और कफ के लक्षण
36 वर्षीय युवक को खांसी और कफ के लक्षण हैं। युवक के दो स्वैब लिए गए हैं। एक स्वैब को आरटीपीसीअार जांच के लिए मेडिकल में रखा गया जबकि दूसरे स्वैब को नए स्ट्रेन की जांच के लिए पुणे नेशनल वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट में भेजा गया है। नए स्ट्रेन की जांच में 24 घंटे से 72 घंटे तक का समय लगता है। इससे पहले भेजे गए नमूनों की जांच रिपोर्ट भी अब तक नहीं मिल पाई है। अब कुल 5 मरीज मेडिकल अस्पताल में भर्ती हाे चुके हैं। इसमें से 3 पुरुष और 2 महिलाएं हैं। पांचों में से 2 की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव और 2 की निगेटिव हैं। 1 की रिपोर्ट आना शेष है।
Created On :   28 Dec 2020 10:00 AM IST