- Home
- /
- झवेरी बजार व जामखेड में बम रखे होने...
झवेरी बजार व जामखेड में बम रखे होने की झूठी जानकारी देनेवाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के मशहूर झवेरी बाजार और खाऊगल्ली में बम रखे होने की झूठी जानकारी देने वाले एक 24 वर्षीय आरोपी को मुंबई की एलटी मार्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी की सोशल मीडिया पर एक लड़की से दोस्ती है। उसका लड़की से विवाद हो गया था जिससे लड़की आरोपी से बात नहीं कर रही थी। इससे परेशान आरोपी ने शराब के नशे में कंट्रोल रुम में फोन कर मुंबई के दो इलाकों में बम रखे होने की झूठी जानकारी दी। इसके अलावा आरोपी ने अहमदनगर के जामखेड में भी पुलिस को फोन कर बम की झूठी सूचना दी थी क्योंकि लड़की इसी इलाके की रहने वाली है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम दिनेश सुतार है। वह मूल रुप से सोलापुर जिले के सांगोला तालुका का रहने वाला है। हालांकि कुछ दिनों पहले तक वह सांगली के मिरज में था और करीब 10 दिन पहले ही मुंबई आया था। यहां उसे एक दुकान में काम मिल गया था लेकिन रहने की जगह न होने के चलते वह दुकान के सामने के गलियारे में रहता था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे भूलेश्वर के पंचायतवाडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। सीनियर इंस्पेक्टर ज्योति देसाई ने बताया कि बम की सूचना मिलते ही तुरंत दोनों इलाकों को खाली कर तलाशी ली गई। बम निरोधक दस्ते और एटीएस की भी मदद ली गई। बाद में आरोपी को पकड़ा गया। उससे फोन करने के लिए इस्तेमाल मोबाइल बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
शरद पवार को दौरा टालने की धमकी
राकांपा प्रमुख शरद पवार को सोलापुर के कुर्डूवाडी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल न होने की चेतावनी देते हुए एक शख्स ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रुम में फोन किया। हालांकि शरद पवार इस धमकी भरे फोन को नजरअंदाज कर कुर्डूवाडी पहुंचे जहां उन्होंने माढा तालुका पंचायत के पहले सभापति और पूर्व विधायक स्वर्गीय विठ्ठलराव शिंदे की प्रतिमा का अनावरण किया। वहीं प्राथमिक जानकारी के मुताबिक फोन सोलापुर से किया गया था। पुलिस आरोपी की पहचान की कोशिश कर रही है।
Created On :   19 Sept 2022 7:09 PM IST