- Home
- /
- नकली नोट छापने वाले माल सहित पकड़ाए,...
नकली नोट छापने वाले माल सहित पकड़ाए, 2 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मानकापुर में नकली नोटों के छापाखाना का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने आरोपी नीलेश राजू कडबे (24) मलका कॉलोनी प्लॉट नंबर 90, समता नगर कपिल नगर और उसके साथी मारुफ खान रफीक खान (24) ताजनगर टेका पंचशील नगर रोड पांचपावली निवासी से 100 रुपए के 6, 50 के 48, 20 के 5 और 10 रुपए के 6 नोट जब्त किए। इन नोटों में से कुछ पूरी तरह छप चुके थे, तो कुछ की प्रिंटिंग (छपाई) अधूरी थी।
4 जून तक पुलिस रिमांड
दोनों आरोपियों पर मानकापुर थाने में धारा 489(अ), 489(क), 489(ड), 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को इन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने 4 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
रात करीब 8.30 बजे कार्रवाई
अपराध शाखा पुलिस विभाग के उपायुक्त गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट-2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते व सहयोगियों ने 29 मई को रात करीब 8.30 बजे कार्रवाई की।
रंगेहाथ पकड़े गए आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपराध शाखा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग एकता नगर प्लॉट नंबर-11 (शिवमंदिर के पास, मानकापुर) में नकली नोटों का छापाखाना चला रहे हैं। जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट-2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते ने छापामारी की। आरोपी नीलेश कडबे और उसका दोस्त मारुफ खान दोनों नकली नोटों की छपाई करते रंगेहाथ पकड़े गए।
प्रिंटर की मदद से छपाई
आरोपी नीलेश कडबे पुराना अपराधी है। उसके खिलाफ प्रतापनगर और गिट्टीखदान थाने में पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं। नीलेश और मारुफ, दोनों को नशे का शौक है। कहा जा रहा है कि इस शौक को पूरा करने के क्रम में वे नकली नोट छापने लगे। नीलेश कडबे पहले जेरॉक्स सेंटर पर काम करता था। मारुफ के साथ मिलकर उसने योजना बनाई और नकली नोट छापने लगा। इसके लिए नीलेश कडबे ने एकता नगर में प्लॉट नंबर 11 को किराए पर लिया। यहीं पर प्रिंटर की मदद से 100, 50, 20 और 10 का नकली नोट छापता था।
1 लाख 28 हजार का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस को 100 के दो पूरी तरह छपे नोट, 4 आधे-अधूरे, 50 के 48, 20 के 5 और 10 रुपए के 6 नकली नोट मिले हैं। इस प्रकार आरोपियों से 65 नकली नोट, कुछ आधे-अधूरे छपाई के नोट, अलग- अलग स्याही के डिब्बे, बोतल, कटर, बड़ा कलर प्रिंटर, मार्कर पेन, टेप व अन्य सामग्री सहित करीब 1 लाख 28 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है।
दोनों बचपन के दोस्त
मारुफ और नीलेश बचपन के दोस्त हैं। दोनों को नशे की लत है। मारुफ ने ही नीलेश को प्रिंटर खरीदकर दिया था। जल्द अमीर बनने के सपने देखने वाले आरोपी नीलेश और मारुफ अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। जानकारी मिली है कि यह खुद भी नकली नोट को बाजार में ले जाकर चलाते थे और यह दूसरों को भी नकली नोट चलाने के लिए दिया करते थे।
पुलिस के सामने अहम सवाल
दोनों आरोपी कब से इस धंधे में लगे हुए हैं
कितनी कीमत की नकली नोटों की छपाई की
उसे बाजार तक किस प्रकार पहुंचाया जाता था
उन्हें इस धंधे में किसका-किसका साथ मिला
किसी अंतरराज्यीय गिरोह से तार तो नहीं जुड़े है
कार्रवाई में इनका साथ
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, अपराध शाखा पुलिस विभाग के अपर पुलिस आयुक्त सुनील फुलारी, उपायुक्त गजानन राजमाने, सहायक पुलिस आयुक्त नलावडे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट-2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक परतेकी, उपनिरीक्षक संदीप काले, लक्ष्मीछाया तांबुसकर, मोहेकर, झाडोकर, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक राजेश ठाकुर, मोहन शाहू, हवलदार संतोष मदनकर, रामनरेश यादव, राजेश तिवारी, अनिल पाटील व अन्य कर्मचारियों ने कार्रवाई में सहयोग किया।
Created On :   31 May 2021 2:36 PM IST