विदेश में नौकरी के नाम पर 150 लोगों से  ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

Arrested woman, who cheated 150 people in the name of job abroad
विदेश में नौकरी के नाम पर 150 लोगों से  ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
विदेश में नौकरी के नाम पर 150 लोगों से  ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विदेश में नौकरी का झांसा देकर डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों से ठगी करने वाली एक महिला को नागपाडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला लोगों को रूस, जॉर्जिया, अजरबैजान, फ्रांस और तुर्की में नौकरी दिलाने के नाम पर चूना लगाती थी। ठगी के शिकार हुए ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात राज्यों के हैं।

मामले में गिरफ्तार महिला का नाम प्रियंका गडकर (40) है। प्रियंका के खिलाफ मोहम्मद दिलशाद राईन (27) नाम के शख्स ने शिकायत दर्ज कराई थी। वडाला इलाके में बतौर इलेक्ट्रीशियन काम करने वाला राईन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। पांच साल से मुंबई में काम कर रहा राईन विदेश जाकर काम करना चाहता था। इसी दौरान उसे चचेरे भाई से मुंबई सेंट्रल इलाके में प्रियंका द्वारा चलाए जाने वाले मैक्स कंसल्टंसी के बारे में पता चला। 

राईन ने प्रियंका से मुलाकात की तो उसने विदेश में नौकरी दिलाने का वादा किया। टिकट, वीजा जैसे खर्चों के लिए राईन ने प्रियंका की मांग के मुताबिक 55 हजार रुपए भर दिए। जुलाई महीने में राईन को वीजा दिया गया। उसने देखा वह टूरिस्ट वीजा था। ध्यान दिलाने के बाद उसे दूसरा बिजनेस वीजा दिया गया। राईन को 14 अगस्त को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने को कहा गया। साथ ही काम से जुड़ी दूसरी जानकारी उसी दिन फोन पर देने की बात कही गई। 

हवाई अड्डे पहुंचने के बाद राईन ने प्रियंका को कई बार फोन करने की कोशिश की लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। राईन का चचेरा भाई उसके कहने पर प्रियंका के ऑफिस में पहुंचा तो उसे दिल्ली के किसी शख्स का नंबर दे दिया गया। राईन ने उस नंबर पर फोन किया तो उसने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। 

मुंबई वापस आने के बाद राईन प्रियंका के ऑफिस पहुंचा तो वहां ताला लग चुका था। यही नहीं नागपाडा पुलिस स्टेशन में कई लोगों ने प्रियंका के खिलाफ शिकायत की। ठगी के शिकार हुआ ज्यादातर लोग बेल्डर, फिटर, हेल्पर का काम करते थे। सब इंस्पेक्टर सागर खोन्ड्रे के मुताबिक शुरूआती जांच में 153 लोगों के साथ 40 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी का खुलासा हुआ है। मामले में प्रियंका का साथ देने वाले कुछ और आरोपियों की तलाश है। 

Created On :   9 Nov 2018 4:08 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story