- Home
- /
- अब अरब सागर में समाए अटल, बीजेपी...
अब अरब सागर में समाए अटल, बीजेपी नेताओं के हाथों अस्थियां विसर्जित

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को शुक्रवार को गेटवे ऑफ इंडिया के नजदीक अरब सागर में विसर्जित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वाजपेयी के अस्थिकलश भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुखों को सौंपे थे। जिन्हें देश की नदियों और समुद्र में विसर्जित किया जाना है। यहां ‘अटल अस्थि कलश यात्रा’ को दोपहर में निकाला गया। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार व शिक्षामंत्री विनोद तावड़े ने अस्थियों को समुद्र में विसर्जित किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाजपेयी के जयकारे के नारे लगाये। इस अवसर पर मौजूद मुंबई भाजपा के महासचिव अमरजीत मिश्रा ने कहा कि अटल अस्थि कलश यात्रा’ का उद्देश्य पूर्व प्रधानमंत्री की विरासत को लोगों तक पहुंचाना है। तीन बार प्रधानमंत्री रहे वाजपेयी का 16 अगस्त को लंबी बीमारी के बाद 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह करीब एक दशक से सार्वजनिक जीवन से अलग थे।
Created On :   24 Aug 2018 9:05 PM IST