- Home
- /
- एएसआई की पत्नी ने घर में फांसी...
एएसआई की पत्नी ने घर में फांसी लगाकर की खुदकुशी

डिजिटल डेस्क, वरुड. (अमरावती)। वरुड़ तहसील के बेनोड़ा शहीद पुलिस स्टेशन में कार्यरत सहायक पुलिस उपनिरीक्षक की 33 वर्षीय पत्नी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना प्रकाश में आते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आत्महत्या करनेवाली महिला का नाम गंगा गणपत पुपुलवार (33) है। मृतका का पति गणपत पुपुलवार तहसील के बेनोड़ा शहीद पुलिस स्टेशन में एएसआई पद पर पिछले ढाई साल से कार्यरत हैै। वह अपनी पत्नी, एक बेटा, एक बेटी के साथ वरुड़ शहर के साई संगम कालोनी में किराए से रहते हैं।
वर्तमान में पुलिस जवान गणपत पुपुलवार दो दिन के लिए वाशिम प्रशिक्षण के लिए गया हुआ है। वैसे यह जवान मूल रूप से नांदेड निवासी है। ट्रेनिंग में होने से उसकी पत्नी गंगा 8 वर्षीय बेटा और 4 वर्षीय बेटी घर पर ही थे। शुक्रवार 11 मार्च को तड़के गंगा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के प्रकाश में आने के बाद वरुड थानेदार प्रदीप चौगांवकर तत्काल अपने दल के साथ घटनास्थल आ पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी मृतक के पति को दी। पश्चात पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए वरुड़ के ग्रामीण अस्पताल पहुंचा दिया गया। मृतक महिला की आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरू की है।
Created On :   12 March 2022 6:28 PM IST