अटल बिहारी ने शुरू की थी मदरसा आधुनिकीकरण  योजना: सावंत

Atal Bihari started the madrasa modernization scheme: Sawant
अटल बिहारी ने शुरू की थी मदरसा आधुनिकीकरण  योजना: सावंत
अटल बिहारी ने शुरू की थी मदरसा आधुनिकीकरण  योजना: सावंत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा विधायक अतुल भातखलकर द्वारा महाराष्ट्र में मदरसे बंद करने की मांग की प्रदेश कांग्रेस ने यह कह कर आलोचना की है कि भाजपा नेता इस तरह की मांग कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अपमान कर रहे। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने शनिवार को कहा कि भाजपा विधायक भातखलकर ने मदरसे बंद करने की मांग कर मोदी सरकार विरोधी भूमिका अपनाई है। इससे पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का  ‘सबका विकास, सबका विश्वास’ का नारा केवल ढोंग है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इनका देश के संविधान पर तो विश्वास है ही नही पर अपने पार्टी संविधान पर भी विश्वास नहीं रखते।

पार्टी को अपने संविधान से सेक्युलरिज़्म शब्द निकाल देना चाहिए। सावंत ने कहा कि अटलबिहारी वाजपेयी सरकार में तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री मुरली मनोहर जोशी ने साफ किया था कि सरकार की मदरसों के कामकाज में हस्तक्षेप करने की इच्छा नहीं है। साथ ही अटल सरकार ने मदरसों का आधुनिकीकरण करते हुए वहाँ धार्मिक शिक्षा में बैगर हस्तक्षेप किए विज्ञान, गणित, समाजशास्त्र व सामान्यज्ञान की शिक्षा देने की योजना बनाई थी। फरवरी 2002 में करीब एक हजार मदरसों के लिए केंद्र सरकार ने अनुदान दिया था। 2012 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते मदरसों के आधुनिकीकरण का वादा अपने चुनाव घोषणा पत्र में शामिल किया था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त भाजपा ने अपने चुनावी प्रचार में मदरसा आधुनिकरण का उल्लेख किया था। सावंत ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भातखलकर की भूमिका से सहमत हैं क्या? 

Created On :   17 Oct 2020 6:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story