- Home
- /
- सीएम फडणवीस ने कहा - 21वीं सदी के...
सीएम फडणवीस ने कहा - 21वीं सदी के भारत की नींव अटलजी ने रखी थी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि 21वीं सदी के भारत की नींव सही मायने में अटलजी ने ही रखी। उन्होंने राजनीति व सामाजिक कार्यों के लिए विचारबद्धता सिखाई। शनिवार को सुरेश भट सभागृह में जिला भाजपा की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा में भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले समेत प्रमुख भाजपा नेता थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी आनंदराव ठवरे ने की। मुख्यमंत्री फडणवीस इसी सभा में बोल रहे थे।
किसी को शत्रु नहीं माना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी का जीवन अंकुश व अजातशत्रु का जीवन है। उनका प्रभाव इतना था कि विरोधियों पर भी उनका अंकुश रहता था। उन्होंने विचारों की लड़ाई लड़ी। विचारों को लेकर विरोध रहा, लेकिन किसी को शत्रु नहीं माना। हिंदुत्व को लेकर कम उम्र में ही वाजपेयी ने अपना मत रखा। हिंदुत्व व्यापक है। वाजपेयी के विचारों काे लेकर प्रतिबद्धता सदैव रही। कार्यक्रम अध्यक्ष ठवरे ने भी संस्मरण सुनाए। प्रस्तावना भाजपा के शहर अध्यक्ष सुधाकर कोहले ने रखी। संचालन दयाशंकर तिवारी ने किया। राज्यसभा सदस्य डॉ. विकास महात्मे, पूर्व राज्यसभा सदस्य अजय संचेती, विधायक सुधाकर देशमुख, विधायक विकास कुंभारे, विधायक मिलिंद माने, विधायक कृष्णा खोपड़े, विधायक सुधीर पारवे, विधायक मलिकार्जुन रेड्डी, विधायक समीर मेघे, विधान परिषद सदस्य गिरीश व्यास, महापौर नंदा जिचकार, जिप अध्यक्ष निशा सावरकर, भाजपा के विदर्भ संगठन मंत्री उपेंद्र कोठेकर समेत अन्य पदाधिकारी मंच पर उपस्थित थे।
गाय की तरह पार्टी को न बांधें
भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता आनंदराव ठवरे ने पार्टी में भाई-भतीजावाद को लेकर खुलकर असंतोष जताया। उन्होंने कहा-संगठन में मेरे जैसे न जाने कितने लोग सामान्य कार्यकर्ता ही बने हुए हैं, लेकिन जिन्हें मौका मिला है उन्होंने कार्यकर्ताओं के योगदान को नहीं भूलना चाहिए। घर में बांधकर रखी गई गाय की तरह पार्टी को न बनाएं। पत्नी, बच्चों को चुनावों में पार्टी टिकट देने का तरीका ठीक नहीं हैं। नसीहत भरे अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि अच्छा बोलो, अच्छा व्यवहार करो। किसी के पीछे जाने की आवश्यकता नहीं है। अपनी बात व विचार पर कायम रहो। संगठन को बढ़ाना है, तो अटलजी के मार्ग पर चलना होगा।
सभा का बदला स्वरूप
श्रद्धांजलि सभा को सर्वदलीय बताया गया था, लेकिन सभा का स्वरूप बदला हुआ नजर आया। केवल भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी सभा में शामिल हुए थे। प्रस्तावना रखते हुए भाजपा के शहर अध्यक्ष सुधाकर कोहले ने कहा भी कि यह सभा भाजपा के कार्यकर्ताआें को अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों व विचारों पर चलने की प्रेरणा देने के लिए रखी गई है।
Created On :   26 Aug 2018 5:40 PM IST