कार चालक को रोकने पर दो महिला पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास

Attempt to crush two women policemen for stopping the car driver
कार चालक को रोकने पर दो महिला पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास
नाकाबंदी के दौरान कार चालक को रोकने पर दो महिला पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरीपटका थाने की दो महिला पुलिसकर्मियों को नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने कुचलने का प्रयास किया। मौके की नजाकत को देखकर फुटपाथ पर छलांग लगाने से हवलदार रजनी रायपुरे और नायब सिपाही प्रियंका बाल-बाल बच गईं। उनका आरोप है कि, रुकने का इशारा करने पर कार चालक ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया। 

कार में 4 युवक सवार थे
गौरतलब है कि, घटना के बाद दोनों महिला कर्मियों ने जान की परवाह किए बगैर दोपहिया से कार का पीछा किया और दयानंद पार्क के पास चालक को रोका। कार में 4 युवक सवार थे। कार चालक आदित्य प्रशांत सिंह के खिलाफ धारा 279, 132, 177 व 184 के तहत मामला दर्ज किया है। 

मुस्लिम कब्रस्तान के पास तैनात थीं
पुलिस के अनुसार हवलदार रजनी रायपुरे और नायब सिपाही प्रियंका मुस्लिम कब्रस्तान के पास नाकाबंदी में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ तैनात थीं। रात करीब 9.40 बजे उन्होंने तेज रफ्तार कार (एम.एच.-31-एफ.ई.-6606) को रोकने का प्रयास किया। रजनी ने बताया कि, चालक ने कार रोकने की जगह उन पर चढ़ाने की कोशिश की, तो दोनों ने फुटपाथ पर छलांग लगा दी और कार की चपेट में आने से बच गईं। 

चकमा दिया पर पीछा नहीं छोड़ा
कार चालक वाहन सहित फरार होने पर दोनों महिलाकर्मियों ने कार का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया। महिला पुलिस को पीछे आता देखकर कार चालक ने उन्हें चकमा दिया। जब रजनी और प्रियंका जरीपटका स्थित रुघवानी अस्पताल के पास कार किस दिशा में गई, यह देखने लगीं, इसी बीच कार तेज गति से उनके सामने से गुजरी। अंत में कार को दयानंद पार्क के पास रोकने में कामयाब हो गईं। पुलिस कार चालक को थाने ले गई। पुलिस ने कार चालक पर मामला दर्ज किया है। 

दो दोपहिया बाल-बाल बचे
कार चालक आदित्य सिंह इतनी तेज गति से कार चला रहा था कि, उसने इस दौरान दो दोपहिया वाहन चालकों  को भी उड़ाने की कोशिश की। कार चालक पकड़े जाने के बाद पुलिस के साथ बदसलूकी करने लगा। और देख लेने की धमकी देने लगा। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उस पर अमीरी का नशा हावी था। आखिरकार जरीपटाका  थाने ले जाया गया। थाने के सामने बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
 

Created On :   11 Aug 2021 1:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story