- Home
- /
- शिक्षिका पत्नी की हत्या कर किया...
शिक्षिका पत्नी की हत्या कर किया खुदकुशी का प्रयास

डिजिटल डेस्क, अमरावती। चांदुर बाजार किसी बात को लेकर उपजे विवाद के चलते एक 53 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी शिक्षिका पत्नी की हत्या कर दी। पश्चात खुद ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने समय पर घटनास्थल पहुंचकर आरोपी पति की जान बचाकर उसे गंभीर अवस्था में अमरावती के निजी अस्पताल में भर्ती किया है। यह सनसनीखेज घटना चांदुर बाजार शहर के तहसील कार्यालय के पीछे महात्मा फुले कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह घटित हुई।
जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम श्रृतिका सतीश कालबांडे (53) है। जबकि आरोपी पति का नाम सतीश उर्फ किशोर कालबांडे (53) है। बताया जाता है कि आरोपी सतीश एक वर्ष पूर्व ही अपने परिवार के साथ वाशिम से चांदुर बाजार रहने आया था। वह पत्नी आैर अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ शहर के तहसील कार्यालय के पीछे महात्मा फुले कॉलोनी में संजय भाविक के मकान में किराए से रह रहा था। उसकी पत्नी श्रृतिका शहर के होलीफेथ इंग्लिश स्कूल में शिक्षिका थी। जबकि बेटा श्रीतेश जगदंब पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। हर दिन की तरह श्रीतेश शुक्रवार को सुबह 9 बजे स्कूल चला गया था।
पश्चात दोनों पति-पत्नी के बीच घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के चलते सतीश ने संतप्त होकर सब्जी काटने के चाकू से पत्नी श्रृतिका पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पश्चात आरोपी सतीश ने विधायक बच्चू कडू से संपर्क कर खुद आत्महत्या करने की जानकारी दी। यह बात सुनकर बच्चू कडू ने प्रहार के अपने कार्यकर्ता गणेश पुरोहित और दीपक भोंगाडे को घटना की जानकारी देकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने को कहा।
दोनों कार्यकर्ता चांदुर बाजार थाने के प्रभारी नरेंद्र पेंदोर के दल के साथ सतीश के घर पहुंचे। तब घर का दरवाजा भीतर से बंद था। नागरिकों की सहायता से पुलिस ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया। तब सतीश फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसे तत्काल नीचे उतारा गया। उसकी सांसे चल रही थी। पत्नी का शव खून से सनी हालत में पड़ा हुआ था। पुलिस ने सतीश को तत्काल ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत नाजूक रहने से उसे अमरावती रेफर किया गया है। जहां उस पर उपचार जारी है। घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेज दिया है। हत्या व आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुत्र ने कहा, दोनों के बीच नहीं था कोई विवाद
कक्षा 10वीं में पढ़ रहा बेटा स्कूल जाने के बाद सतीश कालबांडे ने शिक्षिका पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने मृतक के बेटे श्रीतेश कालबांडे से माता-पिता के विवाद के बारे में पूछताछ की। उसने बताया कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था आैर वह सुबह जब विद्यालय गया तब कोई विवाद नहीं हुआ था। मृतक महिला का मायका अमरावती शहर के कठोरा का रहने से घटना का पता चलते ही उसके परिजन व रिश्तेदार तत्काल चांदुर बाजार आ पहुंचे थे।
Created On :   6 Aug 2022 2:42 PM IST