- Home
- /
- लेन-देन के विवाद में ऑटो चालक की...
लेन-देन के विवाद में ऑटो चालक की दिनदहाड़े हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाठोड़ा क्षेत्र में पैसे के लेनदेन काे लेकर हुए विवाद में ऑटो चालक हसनबाग निवासी मोहम्मद आकिब शेख मोहम्मद सत्तार (24) की हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े यह वारदात श्रावण नगर में हुई है। पुलिस ने प्रकाश उर्फ पक्या भीम कोसरे (21) श्रावण नगर बस्ती, विशाल उर्फ फल्ली पृथ्वीलाल गुप्ता (19), अजय यशवंत बोकड़े (20) को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड में शामिल 17 वर्षीय नाबालिग काे भी हिरासत में लिया गया है। आकिब के खिलाफ मारपीट और लूटपाट के मामले दर्ज थे। पक्या और फल्ली के खिलाफ भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आकिब कई दिनों से नाबालिग को पैसे के लिए परेशान कर रहा था। हफ्ता वसूली के चलते इस घटना को अंजाम देने की भी चर्चा है। 20 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर हत्या किए जाने की खबर सूत्रों ने दी है। घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, उपायुक्त लोहित मतानी, वाठोड़ा के थानेदार अनिल ताकसांडे सहयोगियों के साथ पहुंचे। इस घटना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।
घटना के 2 घंटे के अंदर दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने घटना के करीब 2 घंटे के अंदर चारों आरोपियों को दबोच लिया। आकिब के हथियार से ही उसे मारने की जानकारी आरोपियों ने दी है। दूसरी ओर, पुलिस को कुछ और विवाद होने का संदेह है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से पकड़वाने की दे रहा था धमकी
सूत्रों के अनुसार, आकिब नाबालिग पर गांजा बेचने का आरोप लगाकर वसूली करता था। 15 दिन पहले भी वह अपने ऑटो में नाबालिग को उठा ले गया था। वह उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था। नाबालिग के पिता से आकिब ने 1 लाख रुपए भी मांगे थे। इस वजह से नाबालिग बेहद परेशान रहता था। मंगलवार की दोपहर 12 बजे आकिब श्रावण नगर परिसर में पहुंचा। उस समय नाबालिग घर के समीप साथियों के साथ बैठा था। आकिब ने उसे धमकाना शुरू किया और पैसे नहीं देने पर मारने की धमकी देते हुए घातक शस्त्र निकाल लिया। यह देखकर नाबालिग और उसके 3 साथियों ने आकिब को दबोच लिया। आरोप है कि चारों ने आकिब का हथियार छीन लिया और उसके पेट गर्दन, गले, पेट और सीने पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे परिसर में खलबली मच गई। पुलिस के पहुंचने तक आकिब के परिजनों को घटना की जानकारी मिल चुकी थी। उसके दोस्त और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे। वहां तनाव की स्थिति बन गई।
Created On :   30 Dec 2020 3:48 PM IST