- Home
- /
- नए टैक्स से परहेज, कर्ज लेकर पूरी...
नए टैक्स से परहेज, कर्ज लेकर पूरी होगी जनता की जरुरतें

डिजिटल डेस्क, मुंबई । देश की सबसे समृद्धिशाली महानगरपालिका मुंबई मनपा (बीएमसी) का चुनाव कभी भी घोषित हो सकता है। ऐसे में मुंबईकरों को खुश करने के लिए बीएमसी ने लोगों को करों में राहत देकर कर्ज और पहले से जमा पैसे के इस्तेमाल का फैसला किया है। जनता पर नए करों का बोझ लादने से भी परहेज किया गया है।
गुरुवार को मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने बीएमसी की स्थायी समिति के सामने देश की सबसे अमीर महानगर पालिका का 45949 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। मौजूदा वित्तवर्ष के मुकाबले आगामी वित्तवर्ष के बजट में 17.70 फीसदी का इजाफा किया गया है। 2021-22 के लिए बीएमसी का 39038 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था। वित्तवर्ष 2022-23 के दौरान बीएमसी को 30743 करोड़ रुपए के राजस्व की उम्मीद है। बजट के लिए मुंबई महानगर पालिका बैंकों में जमा रिजर्व राशि में से 10667 करोड़ रुपए निकालेगी। इसके अलावा 4998 करोड़ रुपए का आंतरिक कर्ज भी लिया जाएगा।
संपत्ति कर माफ करने से 462 करोड़ का नुकसान
आगामी वित्तवर्ष से महानगर में 500 वर्गफुट तक के घरों का संपत्तिकर माफ कर दिया गया है। इसके चलते 16 लाख 14 हजार मुंबईकरों को राहत मिलेगी हालांकि बीएमसी को इससे 462 करोड़ का सालाना नुकसान होगा। कोस्टल रोड के लिए बजट में 3200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है जबकि बजट में शिक्षा पर 3370 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए मुफ्त शिक्षा के साथ टैबलेट और दूसरे सामान दिए जाएंगे। छात्राओं को बेस्ट के बस में मुफ्त यात्रा की छूट दी जाएगी। विद्यार्थियों को 2 हजार रुपए की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। बेस्ट की नई बसें खरीदने के लिए भी 800 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
‘कर्ज के भरोसे चुनावी झुुनझुना पकड़ा रही शिवसेना’
मुंबई मनपा के बजट को चुनावी झुंझुना बताते हुए भाजपा विधायक व बीएमसी में विपक्ष के नेता रहे राजहंस सिंह ने कहा कि कर्ज लेकर मुंबई की जनता को झुंझुना थमाने का काम शिवसेना ने किया है। मनपा में 30 वर्षों से सत्ताधारी शिवसेना ने अपनी कुर्सी हिलती देख मुंबई की जनता के सामने खियाली पुलाव परोसा है। 2007 से लोगो को चौबीस घंटे पानी देने का वादा किया गया था आज तक क्या हुआ। हर साल मुंबई डूबती है इस साल तो दावा किया गया है की सिर्फ 11 जगह शेष बचे हैं जहां जलजमाव होता है। उन्होंने कहा कि मनपा के पास पैसा नही है इस लिए 49 हजार करोड़ के बजट में 32 प्रतिशत काम मनपा कर्ज लेकर पूरा करना चाह रही है । बेस्ट की 6 हजार 800 करोड़ देने की घोषणा अभी कुछ दिन पूर्व की थी बजट में मात्र 800 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
Created On :   3 Feb 2022 7:11 PM IST