अब सरल सेवा भर्ती के साथ होगी अनुकंपा भर्ती , राज्य सरकार का निर्णय

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
अब सरल सेवा भर्ती के साथ होगी अनुकंपा भर्ती , राज्य सरकार का निर्णय

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिला परिषद में अलग से अनुकंपा भर्ती पर राज्य के ग्राम विकास विभाग ने रोक लगा दी है। अब सरल सेवा भर्ती के साथ अनुकंपा भर्ती करने का राज्य सरकार ने निर्णय लिया है। अनुकंपा भर्ती के लिए आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित है। नियुक्ति की प्रतीक्षा में अनेक उम्मीदवार निर्धारित आयु सीमा समाप्त होने की कगार पर पहुंच रहे हैं। इससे उम्मीदवारों पर नौकरी नहीं मिलने का संकट मंडरा रहा है। भर्ती पर लगाए गए रोक का कास्ट्राइब जिला परिषद कर्मचारी संगठन ने कड़ा विरोध किया है। 

सीधी भर्ती में अनुकंपा का 10 प्रतिशत
राज्य में विविध विभागों में 4 लाख 50 हजार पद रिक्त हैं। इसमें जिला परिषद के लगभग 34 हजार रिक्त पद हैं। सरकार ने दो चरणों में 72 हजार पद भर्ती की घोषणा की थी। आरक्षण काे लेकर मराठा आंदोलन तेज होने पर भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। सीधी भरती प्रक्रिया में केवल 10 प्रतिशत अनुकंपा उम्मीदवारों की भर्ती करने का नियम है। पात्र आयु सीमा पार जाने के कगार पर पहुंच रहे अनुकंपा उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में विलंब और सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत पद भर्ती का नियम लागू रहने से नौकरी से हाथ धोने का डर सता रहा है।  

वेटिंग लिस्ट में 350 उम्मीदवार
राज्य में 34 जिला परिषदों की प्रतीक्षा सूची में 9 हजार 500 उम्मीदवार नियुक्ति के इंतजार में हैं। नागपुर जिप में 350 उम्मीदवार हैं। 2 वर्ष से अनुकंपा भर्ती नहीं की गई है। आयु सीमा पार हो जाने से अनेक उम्मीदवार अपात्र हो गए हैं। प्रतीक्षा सूची में शामिल अनेक उम्मीदवार आयु सीमा पार होने के मुहाने पर हैं। अनुकंपा नियुक्ति के लिए पात्र रहकर भी सरकार की बदलती नीतियों के चलते अनेक परिवारों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।

तत्काल रोक हटाएं
ग्राम विकास विभाग ने जिला परिषद में अनुकंपा भर्ती पर रोक लगाई है। इससे प्रतीक्षा सूची में शामिल अनेक उम्मीदवारों की आयु सीमा पार होने का खतरा बना हुआ है। परिवार का मुखिया चला जाने से अनाथ हुए परिवारों को आर्थिक आधार देने के िलए अनुकंपा भर्ती पर लगाई गई रोक तत्काल हटानी चाहिए। 
डॉ. सोहन चवरे, जिलाध्यक्ष, कास्ट्राइब जिप कर्मचारी संगठन

Created On :   22 Nov 2018 12:48 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story