- Home
- /
- किसान से धोखाधड़ी करने वाला बैंक हेड...
किसान से धोखाधड़ी करने वाला बैंक हेड कैशियर गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। किसान के खाते से 53 हजार रूपए का गबन करने के मामले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा सोनपुरी (उकवा) के हेड कैशियर चंद्रकिशोर दहिगले को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में हेड कैशियर के खिलाफ रूपझर थाना अंतर्गत उकवा चौकी में मामला दर्ज था। जबकि इसी मामले में फरार आरोपी क्लर्क कपूरचंद मरकाम को पुलिस तलाश कर रही है।
बताया जाता है कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सोनपुरी शाखा में किसान हगरूजी का खाता था। जिसके खाते से हेड कैशियर चंद्रकिशोर दहिगले और बैंक के क्लर्क ने मिलकर धोखे से किसान के नाम फर्जी विड्रॉल तैयार कर लगभग 53 हजार रूपए की राशि निकाल ली। जिसकी शिकायत उसके द्वारा उकवा चौकी में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार थे। जिनकी पुलिस काफी दिनों से तलाश कर रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के बाद एसपी अमित सांघी के निर्देशन और एएसपी प्रतिमा पटेल एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में रूपझर थाना प्रभारी प्रमोद साहू के नेतृत्व में लालबर्रा थाना अंतर्गत मोहगांव धपेरा से आरोपी बैंक हेड कैशियर 37 वर्षीय चंद्रकिशोर को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी द्वारा 5-5 हजार रूपए का ईनाम घोषित किया गया था।
कागजी दस्तावेज बरामद
रूपझर पुलिस ने किसान हगरू तेकाम के बैंक में जमा राशि गबन के मामले में गिरफ्तार बैंक के हेड कैशियर चंद्रकिशोर दहिगले की निशानदेही पर इससे जुड़े कागजी दस्तावेज रजिस्टर सहित अन्य कागज बरामद किये हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उपजेल भिजवा दिया है।
रूपझर थाना प्रभारी प्रमोद साहु ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा सोनपुरी (उकवा) में खातेदार किसान हगरू तेकाम की शिकायत पर हेड कैशियर और क्लर्क के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज था। जिसमें हेड कैशियर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके पास से कागजी दस्तावेज बरामद किये गये है। जबकि मामले में फरार बैंक क्लर्क की तलाश जारी है। उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
Created On :   18 July 2017 8:12 PM IST