- Home
- /
- मनपा की सभी सीटाें पर चुनाव लड़ने...
मनपा की सभी सीटाें पर चुनाव लड़ने तैयार रहें - वलसे पाटील

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राकांपा के वरिष्ठ नेता व गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मनपा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी 151 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी के नियोजन के साथ ही पदाधिकारियों से संगठन कार्य में योगदान का करने को कहा है। पाटील ने कहा कि प्रदेश स्तर के पदाधिकारी केवल बड़े नेता की भूमिका में न रहें। प्रभाग स्तर पर संगठन कार्य की जिम्मेदारी लें। भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल बदनाम करने का प्रयास करते रहते हैं, लेकिन जो लोग आगे बढ़ने की ठान चुके हैं, वे किसी चुनौती की चिंता नहीं करते हैं। राज्य सरकार की विविध योजनाओं व राकांपा की ओर से महिला समाज की विकास मामलों में भागीदारी बढ़ाने के प्रयास के अलावा अन्य कार्याें का अधिक से अधिक प्रचार करने को कहा।
अपने बल पर लड़ें चुनाव
पूर्व नागपुर के भरतवाड़ा मार्ग स्थित हिमालय सेलिब्रेशन सभागृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पाटील बोल रहे थे। कार्यक्रम में शिवसेना व भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने राकांपा में प्रवेश लिया। पाटील ने कहा कि नागपुर में पहले राकांपा ने लोकसभा व विधानसभा के चुनाव नहीं लड़े हैं, लेकिन अब कार्यकर्ताओं के उत्साह व संगठन की ताकत को देखते हुए सभी चुनावों में अपने बल पर मैदान में उतरने की तैयारी करनी होगा। उन्होंने कहा कि राकांपा ने राज्य की राजनीति को नई दिशा दी है। सभी समाज के लोगों को संगठन से जोड़कर जनाधार बढ़ाना होगा। कार्यक्रम के आयोजन की प्रमुख जिम्मेदारी राकांपा के शहर अध्यक्ष दुनेश्वर पेठे, उपाध्यक्ष रविनीश पांडे, पूर्व नागपुर विभाग प्रमुख गुलशन मुनियार ने संभाली। पूर्व मंत्री रमेश बंग, पूर्व विधायक प्रकाश गजभिये, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अहिरकर, दीनानाथ पडोले, शेखर सावरबांधे, प्रशांत पवार, नूतन रेवतकर, वेदप्रकाश आर्य, शैलेंद्र तिवारी, रिजवान अंसारी सहित अन्य सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।
Created On :   23 Oct 2021 8:44 PM IST