- Home
- /
- कौशल विकास योजना के नाम पर धोखाधड़ी,...
कौशल विकास योजना के नाम पर धोखाधड़ी, थाने पहुंचे पीड़ित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्र सरकार की कौशल विकास योजना के नाम पर शहर की युवतियों व महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण देकर रोजगार के नाम पर धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। पीड़ितों ने मामले की गहन जांच होेने पर करोड़ों का घोटाला सामने आने की आशंका व्यक्त की है। ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण के लिए नागपुर में 11 ब्यूटी पार्लरों का चयन किया गया था, लेकिन प्रशिक्षण पूर्ण होने के बावजूद एक को भी प्रमाणपत्र नहीं मिला। शिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों को भी मानधन नहीं मिला।
जिसके बाद शासकीय योजना के नाम पर करोड़ों का घोटाला होने का आरोप पीड़ितों ने लगाया। मामले में 11 ब्यूटी पार्लर के संचालक व शिक्षक हुड़केश्वर थाने में शिकायत करने पहुंचे थे। उनकी शिकायत पुलिस ने ले ली है, लेकिन जांच पूरी होने पर मामला दर्ज किया जाएगा। मामले में वर्धा का बंटी याने की खड़से और नागपुर के म्हालगी नगर की बंटी याने की मीना नामक युवती शामिल है। इस संदर्भ में शहर पुलिस आयुक्त सहित मुख्यमंत्री सचिवालय से भी शिकायत कर न्याय दिलाने की गुजारिश की गई है।
ब्यूटी मटेरियल देने का प्रलोभन
पीड़ितों की शिकायत के अनुसार वर्ष 2017 में खड़से व मीना ने आवेदक ब्यूटी पार्लर संचालकों से मिलकर भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही कौशल विकास योजना की विस्तृत जानकारी दी। उस समय बताया गया कि, तीन महीने का कोर्स है और हर ब्यूटी पार्लर के ब्यूटीशियन को प्रति 100 छात्राओं का एडमिशन करना होगा। खड़से व मीना ने उक्त तीन महीने के प्रशिक्षण अवधि में आवश्यक 70 से 80 हजार रुपए का ब्यूटी मटेरियल प्रति ब्यूटी पार्लर को नि:शुल्क, इसके अलावा प्रति ब्यूटीशियन को प्रतिमाह 1500 रु. मानधन का प्रलोभन भी दिया गया।
हर ब्यूटी पार्लर को 100 छात्रों के लिए तीन माह का कुल मानधन 4 लाख 50 हजार रुपए के तहत 11 ब्यूटी पार्लर को 49 लाख 50 हजार रुपए मिलने चाहिए थे, लेकिन खड़से व मीना ने ब्यूटी पार्लर संचालकों, शिक्षकों को मानधन का एक भी रुपया दिए बिना उक्त निधि की बड़े पैमाने पर हेराफेरी कर व्यक्तिगत लाभ उठाया। प्राथमिक स्वरूप में यह घोटाला 78 लाख 75 हजार रु. होने की बात शिकायत में कही गई है। इस मामले में पुलिस आयुक्तालय सहित हुड़केश्वर पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई की ओर पीड़ितों का ध्यान लगा हुआ है।
हां, शिकायत मिली
इस मामले की शिकायत मिली है। लेकिन यह मामला वर्धा से जुड़ा हुआ है। पीड़ितों की शिकायत एक दिन पहले ही मिली है। उसकी जांच की जाएगी। मामले में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। वह शामिल पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी।
सत्यवान माने, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, हुड़केश्वर थाना नागपुर
.jpg)
Created On :   8 Dec 2018 4:34 PM IST